Himachal weather: हिमाचल में भूस्खलन 90 मकान और 25 गोशालाएं क्षतिग्रस्त, 76 सड़कों पर आवाजाही ठप
शुक्रवार को प्रदेश में 90 मकान और 25 गोशालाएं क्षतिग्रस्त हुईं। 76 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। 26 बिजली ट्रांसफार्मर और आठ पेयजल योजनाएं शुक्रवार शाम तक बंद रहीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में शुक्रवार को मौसम साफ रहा। बारिश का दौर थमने के बाद खिली धूप में भूमि सिकुड़ने से भूस्खलन के मामले बढ़े हैं। शुक्रवार को प्रदेश में 90 मकान और 25 गोशालाएं क्षतिग्रस्त हुईं। 76 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। 26 बिजली ट्रांसफार्मर और आठ पेयजल योजनाएं शुक्रवार शाम तक बंद रहीं। चंबा और मंडी जिले में शुक्रवार को ज्यादा नुकसान हुआ है। शनिवार को भी प्रदेश में मौसम मिलाजुला बना रहने के आसार हैं। शुक्रवार को राजधानी शिमला में दिन भर धूप खिली रही। शुक्रवार दोपहर बाद धर्मशाला में बारिश हुई।
शुक्रवार शाम तक कुल्लू में 32, मंडी में 23, चंबा में 17 और सोलन-कांगड़ा में दो-दो सड़कों पर आवाजाही बंद रही। मंडी जिले में 25 और चंबा में एक बिजली ट्रांसफार्मर बंद है। चंबा जिले में आठ पेयजल योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं। चंबा में शुक्रवार को 85, मंडी में तीन, सिरमौर-हमीरपुर में एक-एक मकान क्षतिग्रस्त हुआ। चंबा में 22 और मंडी में तीन गोशालाएं क्षतिग्रस्त हुईं। चंबा में दो दुकानें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। उधर, गुरुवार रात को नाहन, बैजनाथ, नयनादेवी, भरमौर, धर्मशाला और भोरंज में बादल बरसे। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 28 से 30 अगस्त तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
दो दिन भारी बारिश का अलर्ट
उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से शुक्रवार सुबह जारी बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में 28 व 29 अगस्त को भारी बारिश का येलो अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार-पांच दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश की तीव्रता में कमी आएगी। हालांकि राज्य के मध्य पहाड़ी छिटपुट भागों में 31 अगस्त तक हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है। जबकि 28-29 अगस्त को कांगड़ा, चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन,सिरमौर, ऊना, हमीरपुर व बिलासपुर के कुछ स्थानों में भारी बारिश होने की संभावना है। सितंबर के पहले सप्ताह में वर्षा गतिविधि घटने की संभावना है। पिछले सप्ताह के दौरान प्रदेश में मानसून सामान्य रहा।
कहां कितना तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
क्षेत्र अधिकतम न्यूनतम
ऊना 36.4 24.6
बिलासपुर 34.0 24.0
कांगड़ा 32.0 23.5
चंबा 31.4 21.5
हमीरपुर 31.6 22.8
सोलन 30.0 19.6
नाहन 29.1 22.1
धर्मशाला 30.0 19.2
केलांग 26.5 10.2
शिमला 25.3 16.5
चंबा में 27 अगस्त को होने वाला रोजगार मेला स्थगित
पुलिस मैदान बारगाह में 27 अगस्त को प्रस्तावित रोजगार मेला स्थगित कर दिया गया है। जिले में बीते दिनों हुई भारी बारिश और खराब मौसम के कारण रोजगार कार्यालय चंबा की ओर से यह निर्णय लिया गया है। अब रोजगार मेला सितंबर माह में करवाने की तैयारी है। रोजगार कार्यालय की ओर से निर्धारित तिथि को तीस से अधिक कंपनियों को आमंत्रित किया जाना था।
प्रदेश और अन्य राज्यों से कंपनियां चंबा पहुंचने वाली थी। मगर अब खराब मौसम की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया है। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि 27 अगस्त को पुलिस मैदान बारगाह में रोजगार मेला स्थगित कर दिया गया है। अब सितंबर माह में तिथि तय की जाएगी।