सर्कुलर रोड: वाहनों के बाद अब पैदल मार्ग बंद होने का खतरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सर्कुलर रोड के पास निर्माणाधीन डंगे पर सड़क के ऊपर से मलबा गिर गया है। बताया जा रहा है कि यहां लगातार पानी की लीकेज हो रही है। इससे रविवार को घंटों डंगे का काम ठप रहा। मलबा गिरने के कारण सड़क तंग हो गई है।
सड़क इसी तरह दरकती रही तो पैदल आवाजाही के लिए भी इसे बंद करना पड़ सकता है। पैदल चलने वाला रास्ता तंग हो गया है। यदि फिर भारी बारिश होती है तो लिफ्ट- हाईकोर्ट सड़क को भी नुकसान पहुंच सकता है।
क्षतिग्रस्त सड़क के नीचे पक्का डंगा लगाने का काम शुरू हो गया है लेकिन बारिश के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है।
शनिवार रात निर्माणाधीन डंगे के ऊपर भूस्खलन होने के कारण कार्य बाधित हो गया।
डंगे की नींव में लगाई गई लोहे की प्लेटें मलबे में दब गई। पैदल रास्ते के किनारे लोगों की सुरक्षा के लिए लगाई गईं लोहे की चादरें भी मलबे के साथ गिर गईं। रविवार को दोपहर करीब दो बजे तक नींव पर से मिट्टी हटाने का काम चलता रहा।
दो मशीनों और करीब 40 से 50 श्रमिकों ने नींव पर से मलबा हटाया। इसके बाद डंगे का काम शुरू हो पाया। भूस्खलन के कारण डंगे के ऊपर पैदल रास्ता भी संकरा हो गया है। भूस्खलन होता है तो पैदल मार्ग पूरी तरह बंद भी हो सकता है। इतना ही नहीं लिफ्ट से हाई कोर्ट की ओर जाने वाली सड़क के क्षतिग्रस्त होने का भी अंदेशा है।
परेशान रहे राहगीर, आज भी दिक्कत
क्षतिग्रस्त सर्कुलर रोड पर लहासा गिरने के कारण पैदल आवाजाही का रास्ता संकरा हो गया है। लोगों को तंग रास्ते से होकर आवाजाही करनी पड़ रही है।
उधर ट्रैफिक प्लान लागू न होने के कारण लिफ्ट-हाईकोर्ट सड़क पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही जारी है, ऐसे में लोगों को बचते बचाते आवाजाही करनी पड़ रही है। सोमवार को वर्किंग डे होने के कारण वाहनों का रश अधिक रहेगा।
स्कूल कालेज के छात्रों के अलावा कर्मचारी और अन्य लोग भी क्षतिग्रस्त सर्कुलर रोड के पास से पैदल आवाजाही करेंगे। रास्ता तंग होने के कारण यहां हादसे का खतरा बना रहेगा। शहर के लोगों को आवाजाही के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
डंगे के काम में बारिश बन रही बाधा: चौधरी
लोनिवि के अधिशासी अभियंता अयूब चौधरी ने बताया कि डंगे के काम में बारिश के कारण बाधा उत्पन्न हो रही है। हालांकि, निर्माण कार्य निरंतर जारी है। पूर्व निर्धारित समय पर डंगा तैयार करने ही हर संभव कोशिश की जा रही है।