पानी के टैंक में डूबने से तीन साल के मासूम की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस चौकी अवाहदेवी के तहत समीरपुर में एक 3 वर्षीय मासूम की घर के आंगन में बने पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और छानबीन आरंभ कर दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं बच्चे के परिजनों ने किसी पर भी शक नहीं जताया है। युवराज पुत्र अशोक कुमार निवासी चिल्ली गामा तहसील हटा जिला कुशीनगर उत्तर प्रदेश की रविवार रात को पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई।
अशोक कुमार अपने परिवार सहित समीरपुर में अश्वनी कुमार पुत्र रूप लाल के मकान में रहता है और दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पोषण करता है। बच्चे की मां रविवार शाम करीब छह बजे खाना बनाने के लिए रसोई में गई थी। इस दौरान बच्चा बाहर आ गया।
बच्चे को पड़ोस और खेतों में तलाश किया
थोड़ी देर बाद मां ने बच्चे को ढूंढना शुरू किया, लेकिन वह नहीं मिला। बच्चे को पड़ोस और खेतों में तलाश किया, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद महिला ने घटना की सूचना स्थानीय लोगों को दी।
लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए और बच्चे को ढूंढने का प्रयास किया। रात करीब नौ बजे बच्चे का शव घर के आंगन में बने पानी के छह फीट गहरे भूमिगत टैंक में मिला। लोगों ने इसकी सूचना अवाहदेवी पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बच्चे की एक बड़ी बहन है। पुलिस चौकी अवाहदेवी के प्रभारी राजेश वर्मा का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मौत का कारण बन रहे जल संग्रहण टैंक
मनरेगा और वाटर शेड कार्यों के तहत बनने वाले जल संग्रहण टैंक मौत का कारण बन रहे हैं। छह माह पूर्व भी कुठेड़ा क्षेत्र के एक बच्चे की जल संग्रहण टैंक में डूबने से मौत हो गई थी।
भारतीय सेना में तैनात पिता ने पड़ोसी के खिलाफ पुलिस और उपायुक्त हमीरपुर को शिकायत सौंपी थी। अब रविवार रात को घर के आंगन में बने ऐसे ही टैंक में बच्चे की मौत हो गई ।
हालांकि इस टैंक पर ढक्कन लगा था, लेकिन वह अस्थायी था। बच्चे के टैंक के ढक्कन पर चढ़ने के बाद टीन का ढक्कन झुक गया और बच्चा पानी में गिर गया।