एचपी: केंद्रीय टीम ने धर्मशाला में लिया मानसून से हुए नुकसान का जायजा, दलाई लामा से की शिष्टाचार भेंट
गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एम रामचंद्रुडु के नेतृत्व में दल ने सुधेड़ और धर्मशाला-मैक्लोडगंज मार्ग पर खड़ा डंडा रोड का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने टीम को सड़कों और आसपास के बुनियादी ढांचे को पहुंची क्षति की जानकारी दी।
विस्तार
मानसून के दौरान भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल (आईएमसीटी) मंगलवार को धर्मशाला पहुंचा। गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एम रामचंद्रुडु के नेतृत्व में दल ने सुधेड़ और धर्मशाला-मैक्लोडगंज मार्ग पर खड़ा डंडा रोड का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने टीम को सड़कों और आसपास के बुनियादी ढांचे को पहुंची क्षति की जानकारी दी। सुधेड़ में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने केंद्रीय दल को भारी बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदा से जिले में कई मार्ग प्रभावित हुए हैं और प्रशासन इनकी मरम्मत व बहाली का कार्य तेजी से करवा रहा है।
दल प्रमुख रामचंद्रुडु ने अधिकारियों से सड़क क्षति की प्रकृति और प्रभावित हिस्सों का ब्योरा लिया। साथ ही उन्होंने मरम्मत व पुनर्स्थापन कार्यों की प्रगति और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद दल ने खड़ा डंडा रोड का जायजा लिया, जहां अधिकारियों ने मानसून से बुनियादी ढांचे पर पड़े असर की जानकारी दी। इससे पूर्व दल ने एचपीसीए स्टेडियम का दौरा किया और फिर मैक्लोडगंज पहुंचकर तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा से अनौपचारिक शिष्टाचार भेंट की। दौरा पूरा करने के बाद केंद्रीय दल कुल्लू जिले के लिए रवाना हो गया। इस दौरान दल के सदस्य एवं जल शक्ति विभाग के निदेशक प्रकाश चंद, ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक रामावतार मीणा, इसरो के रिमोट सेंसिंग सेंटर (हैदराबाद) के वैज्ञानिक डॉ. शशिवर्धन रेड्डी और एसडीएम धर्मशाला मोहित रतन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
टीम ने सैंज घाटी में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
मानसून सीजन के दौरान बाढ़, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की उच्चस्तरीय टीम ने सैंज घाटी के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। टीम ने क्षेत्र के मातला, सिउंड पावर हाउस तथा हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के सैंज हाइड्रो प्रोजेक्ट के पावर हाउस का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। दौरे के दौरान केंद्रीय टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से राहत, पुनर्स्थापना तथा पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। टीम ने भूस्खलन, अचानक आई बाढ़ और इससे प्रभावित ढांचे को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा भी की। अधिकारियों ने केंद्रीय टीम को आपदा के दौरान किए गए राहत कार्यों तथा अब तक की गई पुनर्स्थापना की जानकारी दी।
बताया गया कि टीम के निरीक्षण और मौके से प्राप्त जानकारी के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी जाएगी। इस रिपोर्ट के आधार पर आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए केंद्र सरकार से आर्थिक सहायता और राहत राशि की सिफारिश की जाएगी। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय गृह मंत्रालय की अधिकृत अधिकारी चंद्रा नायडू सहित अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुल्लू, उपमंडल दंडाधिकारी बंजार, तहसीलदार कुल्लू, तहसीलदार सैंज, वन विभाग के अधिकारी, लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता, डीएफओ ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क तथा थाना प्रभारी सैंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से केंद्रीय टीम को आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, राहत कार्यों और भविष्य की पुनर्निर्माण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।