सब्जी मंडी में दो रुपये किलो बिकी गोभी, नाले में फेंके 45 बोरे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आठ दिन तक ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल और तीन दिन भारी बारिश के बाद शिमला की ढली मंडी में सब्जियों के रेट बुरी तरह गिर गए। सब्जियों की आमद बढ़ने से मंडी में तिल धरने की जगह नहीं बची। फूलगोभी के न्यूनतम दाम दो रुपये तक पहुंच गए।
ऐसे में मेहनत बेकार होते देख किसानों ने मंडी में फसल बेचने के बजाए गोभी के 45 बोरे नाले में फेंक दिए। जिन किसानों ने फसल बेची उनका ढुलाई का खर्च भी नहीं निकला। मौसम खुलने के बाद ढली मंडी में सब्जियों की एकाएक आमद बढ़ गई।
हालात यह हो गए कि पूरी मंडी सब्जी से भर गई। इसके बाद मंडी परिसर में सब्जियों के बोरों के ढेर लगाने पड़े। सोमवार को ढली मंडी में 3600 क्विंटल से अधिक माल पहुंचा। मंडी का फड़ सुबह साढ़े नौ बजे ही सब्जी के बोरों से भर गया।
सब्जी से लदे वाहनों की कतारें लग गईं। किसानों को मंडी के भीतर सब्जियों की अनलोडिंग करने और बोली के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। किसानों की छह माह की मेहनत बेकार हो गई।
सब्जी की आमद में भारी इजाफा : नरेश
ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल खत्म होने और मौसम खुलने के बाद मंडी में सब्जियों की आमद में भारी इजाफा हुआ है। सोमवार को 3600 क्विंटल से अधिक माल मंडी पहुंचा है। लो क्वालिटी की गोभी को कम रेट मिले हैं। - नरेश शर्मा, चेयरमैन, एपीएमसी
लोअर बाजार में 50 रुपये किलो बिकी फूल गोभी
राजधानी शिमला की थोक और परचून मंडियों में सोमवार को सब्जी की कीमतों में जमीन आसमान का अंतर देखने को मिला। ढली स्थित थोक मंडी में फूलगोभी जहां 2 से 15 रुपये प्रति किलो बिकी, वहीं लोअर बाजार स्थित शहर की परचून मंडी में फूलगोभी 50 रुपये प्रति किलो बिकी।
मंडी में यह रहे सब्जियों के रेट
सब्जी आमद (क्विंटल) न्यूनतम अधिकतम
फ्रासबीन 753 2000 6200
फूल गोभी 1177 200 1200
बंद गोभी 1388 200 1200
शिमला मिर्च 320 500 2800
आलू 25 500 1800
(कीमतें क्विंटल में)
भट्ठाकुफर में 800 रुपये पेटी सेब भी बिका
भट्ठाकुफर फल मंडी में सोमवार को करीब 15 हजार पेटी सेब पहुंचा। स्पर सेब 1500 से 3000 रुपये प्रति पेटी जबकि रायल सेब 800 से 2600 रुपये प्रति पेटी की दर से बिका। मंडी में कई जगह चोरी छिपे रुमाल और गत्ते के नीचे भी सेब की बोली लगी।
राजधानी शिमला की दो मंडियों में सोमवार को सब्जी की कीमतों में जमीन आसमान का फर्क देखने को मिला। ढली स्थित थोक मंडी में फूल गोभी जहां 2 से 15 रुपये प्रति किलो बिकी वहीं लोअर बाजार स्थित शहर की परचून मंडी में फूलगोभी 50 ये 60 रुपये प्रति किलो बिकी।