आश्रम में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक डंडों से पीट-पीटकर मार डाला
जिला मंडी के लडभड़ोल में मगरू महादेव मंदिर के आश्रम में एक बाबा और दो सरकारी कर्मियों समेत छह लोगों ने मानसिक रूप से अस्वस्थ 22 वर्षीय युवक को डंडों से पीट-पीट कर मार डाला।
युवक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि बाबा के मना करने पर युवक बार-बार मंदिर के आश्रम में आकर मूर्तियों से छेड़छाड़ करता था।
पुलिस के अनुसार लडभड़ोल के पतरैण का करतार सिंह पुत्र शेष राम गुरुवार शाम को भी आश्रम में पहुंच गया। बाबा बद्री विशाल गिरि (60) निवासी कुंदनपुर जिला इटावा (उत्तर प्रदेश) को लगा कि युवक फिर मूर्तियों से छेड़छाड़ करेगा।
उसने पास से टैक्सी चालक राजेंद्र कुमार (38) रंजीत सिंह (36), आईपीएच में बेलदार रमेश कुमार (48) एवं यशपाल (49) और कारोबारी विकुल (28) को बुलाया। आरोप है कि इन सभी ने युवक की पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस सभी को गिरफ्तार कर गहनता से पूछताछ कर रही है। युवक के पिता का कहना है कि मानसिक रूप से अस्वस्थ उसका बेटा गांव व आसपास के क्षेत्र में बिना बताए घूमता रहता था। बाबा बद्री विशाल गिरि उसके बेटे से पहले भी मारपीट करता था।
बेटे को कुछ ग्रामीण उठाकर लाए थे
पुलिस के अनुसार मृतक के पिता ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि 28 मार्च की शाम को उसका बेटा बिना बताए मंदिर मगरू महादेव चला गया था। रात करीब 10:30 बजे मंदिर कमेटी के उपप्रधान बली राम ने फोन पर उसके बेटे की बाबा के साथ लड़ाई की बात बताई।
कहा गया कि उसका बेटा घायल है। इससे एक दिन पहले ही 27 मार्च को उसकी मां की मौत हो गई थी, जिसके चलते वह बेटे के पास नहीं जा सका।पिता का कहना है कि रात 12:15 बजे कुछ लोग बेटे को बेसुध हालत में घर तक लाए।
उसकी नाक से खून निकल रहा था। दोनों आंखों और पीठ पर चोटों के निशान थे। जांचने पर पता चला कि बेटे की मौत हो चुकी है। एएसपी पुनीत रघु ने बताया कि पुलिस ने धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामला हत्या का होने के कारण शव पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।