बीओडी की बैठक आज, बहाल होंगे निगम कर्मियों के 15 लाख वीकली ऑफ
एचआरटीसी कर्मचारियों के साप्ताहिक अवकाश बहाल होंगे। मंगलवार को होने वाली बीओडी की बैठक में इस फैसले पर सहमति बन सकती है। निगम प्रबंधन ने कर्मचारियों के अवकाश रद्द कर दिए थे। नाराज संयुक्त समन्वय समिति ने यह मामला परिवहन मंत्री जीएस बाली से उठाया था।
बाली ने फाइल साइन कर साप्ताहिक अवकाश बहाल करने की बात कही है। बीओडी की बैठक में इस फैसले पर अंतिम मुहर लगेगी। एचआरटीसी के करीब 7 हजार कर्मचारी हैं, जिनके करीब 15 लाख साप्ताहिक अवकाश बचे हैं।
कर्मचारी निगम प्रबंधन से या तो साप्ताहिक अवकाश का पैसा या फिर छुट्टियों की मांग कर रहे हैं। संयुक्त समन्वय समिति के सचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि मंगलवार को होने वाली बीओडी बैठक से कर्मचारियों को ढेरों उम्मीदें हैं।
बीओडी में इन मांगों पर भी बन सकती है सहमति
कहा कि परिवहन मंत्री को 12 सितंबर को समिति की ओर से मांग प्रस्ताव सौंपा गया था। इसमें 14 जून के आंदोलन तथा न्यायालय की अवमानना के कारण कर्मचारियों के खिलाफ शुरू की गई सभी प्रकार की विभागीय कार्यवाही को रद्द करना, 13 जून की स्थिति को बहाल करना
पेंशनरों तथा कर्मचारियों के सभी देय वित्तीय लाभ 12 फीसदी डीए, 5 फीसदी आईआर, दो माह की बकाया पेंशन जारी करना, चालकों का पूर्व की तरह 9880 रुपये आरंभिक वेतन बहाल करना, भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में संगठनों की सहमति से संशोधन को शीघ्र अंतिम रूप देने की मांग शामिल है। बीओडी बैठक में इन मांगों पर सहमति बन सकती है।