स्थानीय बोली में जेपी नड्डा ने विपक्ष पर किया कटाक्ष- कित्तिया एम्स, कदों बणना, हुण बोलदे लगुरा बणना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कित्तिया एम्स, कदों बणना, हुण बोलदे लगुरा बणना... बिलासपुर की स्थानीय बोली में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विपक्ष पर कटाक्ष किया। बिलासपुर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि विपक्ष को भी सुबह उठकर कुछ काम चाहिए। पहले विपक्ष कहता था कि एम्स कहां है, कब बनेगा, लेकिन अब कहते हैं कि बन रहा है। मेरी प्रेरणा वे लोग हैं, जो तब मेरे साथ थे जब मैं कुछ भी नहीं था। वे अब भी मेरे साथ हैं।
कहा कि जब मैं दिल्ली में सुबह उठता हूं तो मुझे मेरे अपनों की शक्लें याद आती हैं, जो मां भारती की सेवा करने को प्रेरित करती हैं। समारोह में मौजूद हर व्यक्ति के साथ बिलासपुर की हर पहाड़ी को चढ़ा है। साथ में पसीना बहाया है। कहा कि नड्डा जी तुम आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं सिर्फ नारा नहीं है, लेकिन यह हकीकत है और आप लोगों की प्रेरणा ही है कि मैं इस मुकाम पर हूं। कहा कि कोरोना प्रोटोकाल के कारण हिमाचल आना नहीं हुआ।
अब इतने लंबे अरसे बाद बड़ी खुशखबरी के साथ आया हूं। पुराने दिनों को याद करते हुए नड्डा ने कहा कि जब मैं विचारधारा को लेकर बिलासपुर कॉलेज आता था तो लोग कहते थे कौन है नड्डा, क्या है नड्डा? उन्हें सलाह दी जाती थी कि सत्ताधारी पार्टी के साथ काम करें, लेकिन मैं कहता था कि मैं मां भारती की सेवा करने आया हूं। आज भी वही कर रहा हूं। भाजपा इकलौती ऐसी पार्टी है, जो जनसेवा की भावना से सत्ता में आई है।
साथ रहेंगे तभी मिलेंगे बड़े प्रोजेक्ट
जेपी नड्डा ने मंच से सभी को एक होकर काम करने का संदेश दिया। कहा कि मैं कहता हूं कि 5 या 10 करोड़ प्रोजेक्ट के लिए बहुत हैं तो आप कहते हैं कि नहीं हमें बड़ा प्रोजेक्ट चाहिए। यह बड़ा प्रोजेक्ट तभी मिलेगा, जब साथ मिलकर देश के लिए काम करेंगे। अगर अधीर हुए तो कुछ भी नहीं मिलेगा।
देश में 1650 कोविड अस्पताल, 4.5 लाख बेड
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कोरोना काल के शुरुआती दौर में भारत के पास न तो टेस्टिंग लैब थीं और न ही कोरोना से बचाव को कोई अस्पताल। फिर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन महीने में सब संभव कर दिखाया। बिलासपुर में स्वागत समारोह के दौरान उन्होंने कोरोना काल में विश्व के अन्य देशों को भी दवाइयां उपलब्ध करवाने के लिए पीएम मोदी का आभार जताया।
कहा कि आज भारत के पास 1650 कोविड अस्पताल और 4.5 लाख बेड हैं। पीएम मोदी ने कम से कम 150 देशों को पैरासिटामोल का निर्यात किया है। भारत पहले पर्सनल प्रोटेक्शन उपकरण विदेशों से मंगवाता था, लेकिन अब देश 4.5 लाख पर्सनल प्रोटेक्शन उपकरण बनाकर दुनिया में दूसरे स्थान पर आता है।
किसान संगठन बनाएं, मोदी देंगे एक लाख करोड़
नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप को कुल्लू की टोपी तोहफे में देकर न केवल हिमाचल का सम्मान बढ़ाया है बल्कि लोकल फॉर वोकल को भी बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी फॉर्मर प्रोड्यूसर आर्गेनाइजेशन बनाएं। जिसके लिए एक लाख करोड़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देंगे।
कहा कि इसमें आपको तय करना है कि अनाज की स्टोरेज कहां होगी, कहां कोल्ड स्टोर बनेगा और उसके लिए सड़क कहां से बननी है। कौन सी फैक्ट्री लगाई जाए जिससे आपके अनाज में वैल्यू एडिशन हो सके। वहीं, बागवान सेब बेचने के साथ ही इसका इस्तेमाल अन्य उत्पादों में भी करें। ताकि लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा मिल सके।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को एम्स के भवन निर्माण का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसके निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए, चाहे थोड़ा वक्त लग जाए। हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर, क्वालिटी, इंफ्रास्ट्रक्चर आदि पर अधिकारी पूरी तरह से ध्यान दें। बिलासपुर में बन रहे एम्स की भी अपनी एक बड़ी पहचान होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने यहां पर एम्स का प्रस्तुतिकरण देखकर सारी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने एम्स के निदेशक कर्नल सुखदेव नाघ्याल की कार्यशैली को सराहा। जेपी नड्डा और सीएम जय राम ठाकुर ने एम्स के निर्माणाधीन विभिन्न खंडों का निरीक्षण किया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. जगतराम ने प्रस्तुतिकरण के दौरान कहा कि इस संस्थान में एमबीबीएस की 100 सीटें होंगी और कक्षाएं इस वर्ष दिसंबर में आरंभ की जाएंगी। जनवरी 2021 में ओपीडी आरंभ करने के प्रयास किए जाएंगे। एम्स बिलासपुर में 750 बिस्तर की सुविधा तथा इसमें 183 संकाय सदस्य और 600 नर्सें नियुक्त होगी।
दिसंबर तक एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू करने का प्रयास : सीएम
सीएम जयराम ने कहा कि एम्स में दिसंबर माह तक एमबीबीएस की कक्षाएं आरंभ करने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इस स्वास्थ्य संस्थान के लिए हिमाचल प्रदेश के 18 चिकित्सकों का चयन हुआ है। प्रदेश सरकार इस संस्थान के बिजली के बिल पर छूट प्रदान करने के मामले पर विचार करेगी।
एम्स के पास बने बस स्टॉप, कर्मचारियों के बच्चों के लिए खोला जाए स्कूल
नड्डा ने कहा कि प्रदेश सरकार एम्स के पास बस स्टॉप बनवाए ताकि, यहां आने जाने वाले मरीजों और तीमारदारों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। वहीं संस्थान में सेवाएं देने वाले कर्मियों के बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा संस्थान खोला जाए।