हिमाचल: शिवरात्रि महोत्सव के कार्यक्रम रद्द, विधानसभा की कार्यवाही भी स्थगित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा के आकस्मिक निधन पर हिमाचल प्रदेश के मंडी में अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या समेत सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। प्रदेश विधानसभा में भी कार्यवाही गुरुवार तक शोक में स्थगित कर दी गई है। महाशिवरात्रि मेले के समापन पर गुरुवार को परंपरा का निर्वहन करते हुए सादे अंदाज में अंतिम जलेब निकलेगी। जलेब में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने शिरकत करनी थी, जिनका कार्यक्रम भी रद्द हो गया है। बुधवार को सांसद की मौत का समाचार मिलते ही अंतरराष्ट्रीय मेला सूना हो गया।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रामस्वरूप के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया- हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद रामस्वरूप शर्मा की आकस्मिक मृत्यु के समाचार से व्यथित हूं। एक साधारण परिवार में जन्मे, रामस्वरूप का व्यक्तित्व बहुत सरल था। वे क्षेत्र के विकास के लिए सदैव समर्पित रहते थे। उनके परिवार-जनों व समर्थकों को मेरी शोक संवेदनाएं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया- रामस्वरूप शर्मा जनता के प्रति एक समर्पित नेता थे। लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहे। आकस्मिक निधन की खबर सुनकर बहुत दुःखी हूं।
सीएम जयराम ठाकुर ने ट्वीट किया- छोटी काशी मंडी के लोकप्रिय, सरल स्वभाव व ईमानदार सांसद रामस्वरूप शर्मा के असामयिक निधन की खबर सुनकर बहुत दुःखी हूं।
प्रदेश के शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि नरेंद्र मोदी जब हिमाचल के प्रभारी थे तो रामस्वरूप शर्मा को संगठन महामंत्री के रूप में नियुक्त किया गया था। वे अनेक पदों पर काम करते रहे। मंच पर जाने से भी संकोच करते थे। संगठन मंत्री के नाते पीछे ही रहते थे, पर संगठन के लिए समर्पित थे।
वीरभद्र सिंह ने गहरा दुख जताया
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, मंडी की पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह और विधायक विक्रमादित्य सिंह ने मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। वीरभद्र सिंह ने अपने शोक संदेश में भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए उनके परिजनों से अपनी संवेदना प्रकट की है। वहीं, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा के परिवारजनों के साथ दिल्ली में हिमाचल सदन में मिलकर शोक व्यक्त किया।
राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष खुशीराम बालनाटाह ने मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद राम स्वरूप शर्मा के आकस्मिक निधन पर दुख व्यक्त किया है। बालनाटाह ने कहा कि रामस्वरूप शर्मा का इस तरह आकस्मिक जाना संगठन के लिए एक गहरा आघात है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने मंडी संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। कहा कि रामस्वरूप शर्मा के आकस्मिक निधन से हम स्तब्ध हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस क्षति को सहन करने का हौसला प्रदान करें। हिमाचल प्रदेश राजीव गांधी पंचायतीराज विभाग के मीडिया प्रभारी अनिल गोयल ने भी सांसद रामस्वरूप के निधन पर शोक जताया है।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के समाचार सुन कर उन्हें बहुत दुख हुआ है। इस घटना से सबकी चिंता और भी बढ़ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद रामस्वरूप शर्मा से उनका वर्षों पुराना संबंध था।
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट किया है कि देवभूमि हिमाचल से भाजपा के वरिष्ठ नेता और बड़े भाई रामस्वरूप शर्मा का इस तरह सबको छोड़कर चले जाना कष्टदायक है। यह विश्वास करना कठिन है कि कल तक जिनके साथ उठते-बैठते हिमाचल और देश-दुनिया की तमाम बातें करते थे, आज पार्टी, संगठन और छोटी काशी को समर्पित व्यक्तित्व हमारे बीच नहीं है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद श्री रामस्वरूप शर्मा की आकस्मिक मृत्यु के समाचार से व्यथित हूं। एक साधारण परिवार में जन्मे, श्री शर्मा का व्यक्तित्व बहुत सरल था। वे क्षेत्र के विकास के लिए सदैव समर्पित रहते थे। उनके परिवार-जनों व समर्थकों को मेरी शोक संवेदनाएं।
— President of India (@rashtrapatibhvn) March 17, 2021
Shri Ram Swaroop Sharma was a dedicated leader, who was always committed to solving people’s problems. He worked tirelessly for the betterment of society. Pained by his untimely and unfortunate demise. My thoughts are with his family and supporters in this sad hour. Om Shanti.
— Narendra Modi (@narendramodi) March 17, 2021
जोगिंद्रनगर के मच्छयाल में होगा सांसद रामस्वरूप शर्मा का अंतिम संस्कार
सांसद रामस्वरूप शर्मा का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव जलपैहर की धार्मिक स्थली मच्छयाल शमशानघाट में होगा। वीरवार दोपहर करीब 12 बजे सांसद के पार्थिव शरीर को बड़े बेटे शांति स्वरूप मुखाग्नि देंगे। सीएम जयराम ठाकुर समेत भाजपा सरकार का शीर्ष नेतृत्व इस दौरान मौजूद रहेगा। सीएम करीब साढ़े आठ बजे हेलीकाप्टर के माध्यम से जोगिंद्रनगर के डोहग पहुंचेंगे। जहां विश्राम गृह में रुकने के बाद वह करीब दस बजे सांसद के पैतृक घर पहुंचेंगे। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि कोविड नियमों की पालना करते हुए सांसद का अंतिम संस्कार किया जाएगा
कुन्नोचारंग के लोगों को भी मिला जख्म
सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के बाद जनजातीय जिला किन्नौर की दुर्गम पंचायत कुन्नोचारंग के लोगों को भी जख्म मिला है। वर्ष 2020 अक्तूबर में सांसद ने तिब्बत-सीमा के साथ लगती दुर्गम पंचायत कुन्नोचारंग की विकट भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए गांव को गोद लिया था। सांसद ने गांव के लिए मुख्य सड़कें, संचार सेवाएं, सिंचाई नहर, सीवरेज प्रणाली, महिला मंडल भवन, पुलों का निर्माण करने सहित कई सपने संजोए थे। जल्द ही इन कार्यों की डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए थे।