भाजपा ने तैयार की चार्जशीट, कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर ली है। बुधवार को भाजपा की चार्जशीट कमेटी बैठक कर इसे अंतिम रूप देगी। वीरवार को पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल की अगुवाई में राज्यपाल को चार्जशीट सौंपी जाएगी। उधर, वीरवार को ही ऊना में कांग्रेस सत्ता के ढाई साल पूरा होने का जश्न मनाएगी।
इस राज्य स्तरीय उत्सव की तैयारियां कांग्रेस ने पूरी कर ली हैं। शिमला के भाजपा विधायक एवं चार्जशीट कमेटी के संयोजक सुरेश भारद्वाज ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के नेतृत्व में चार्जशीट का ‘भाग एक’ राज्यपाल को सौंपा जाएगा। प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी व सभी विधायक भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे।
सीएम समेत कई बड़े नेताओं के नाम हैं शामिल
चार्जशीट में मुख्यमंत्री, मंत्री और सरकार के कर्णधारों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र होगा, वहीं वीरभद्र सरकार के ढाई साल के कार्यकाल के दौरान घोटालों को भी उजागर किया जाएगा। भारद्वाज ने कहा कि चार्जशीट कमेटी की बैठक 24 जून को दोपहर बाद 3:00 बजे प्रदेश कार्यालय दीप कमल में होगी।
इसमें चार्जशीट कमेटी के सभी सदस्य पूर्व मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह रवि, राजीव बिंदल, जयराम ठाकुर, पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, भाजपा प्रदेश महामंत्री रणधीर शर्मा व विपिन सिंह परमार हिस्सा लेंगे। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।