बिलासपुर: चार कारों की टक्कर, सातलोग घायल; पुरानी तहसील के पास दो बसों के बीच फंसी पिकअप
हादसे में दोनों कारों को काफी नुकसान पहुंचा है, जबकि कारों में सवार पांच लोगों में से कुछ को हल्की चोटें आई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिलासपुर में दो अलग-अलग हादसो में चार कारों की टक्कर में सात लोग घायल हो गए। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर टनल नंबर-2 के पास सोमवार सुबह दो कारों के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारों को काफी नुकसान पहुंचा है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर वाहनों की रफ्तार भी थम गई। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कर दिया। बिलासपुर की ओर से एक कार पंजाब के आनंदपुर साहिब की तरफ जा रही थी, जबकि दूसरी हरियाणा के यमुनानगर से सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर शाहतलाई दियोटसिद्ध की ओर आ रही थी। जैसे ही दोनों वाहन टनल नंबर-2 के समीप पहुंचे तो उनमें जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया।
इस हादसे में हरदेव सिंह (22) पुत्र गुरबख्श सिंह निवासी गांव दासग्राईं, डाकघर जिंदवारी, तहसील आनंदपुर साहिब, जिला रूपनगर (पंजाब) घायल हो गए। इसके अलावा शिल्पा (28) पुत्री जनक राज, सोमनाथ (72) पुत्र इंद्र लाल और जनक राज (55) पुत्र बलवीर निवासी गांव सरस्वती नगर, सैनी मोहल्ला, जिला यमुनानगर (हरियाणा) भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का एम्स बिलासपुर में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू करवाया। कुछ समय के लिए फोरलेन पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई। एसपी संदीप धवल ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
ओवरटेक करते समय दो बसों के बीच फंसी पिकअप, तीनों वाहन क्षतिग्रस्त
बिलासपुर में सोमवार को एक पिकअप और दो बसों के बीच टक्कर हो गई। यह हादसा बस स्टैंड के साथ पुरानी तहसील के पास उस समय हुआ जब पिकअप चालक ने एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान सामने से दूसरी बस आ गई और पिकअप दोनों बसों के बीच फंस गई, जिससे जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के दौरान सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कर यातायात को सुचारू किया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसा ओवरटेक के दौरान लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
नस्वाल में दो कारों की आमने-सामने टक्कर, तीन लोग घायल
घुमारवीं थाना क्षेत्र के तहत शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नस्वाल कस्बे के पास सोमवार सुबह दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि एक कार बीच सड़क पर पलट गई। गनीमत रही कि उस समय सड़क से कोई राहगीर नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सोमवार सुबह करीब 6:15 बजे नीरज और विपिन कार में सवार होकर घुमारवीं से दधोल की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे नस्वाल के पास पहुंचे तो विपरीत दिशा से आ रही एक कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एक कार सड़क के बीचोबीच पलट गई। हादसे के तुरंत बाद लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचाया। अस्पताल में नीरज, विपिन और अनिल को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया। हादसे में दोनों कारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस उपाधीक्षक विशाल वर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के कारण इस मामले में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।