नोटबंदी के विरोध में आज भारत बंद, झेलनी पड़ सकती है परेशानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोटबंदी के खिलाफ सोमवार को विपक्षी दलों के भारत बंद के आह्वान के बीच हिमाचल पुलिस ने प्रदेश में कानून व्यवस्था संभालने के लिए तैयारी कर ली है। पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि कानून व्यवस्था को किसी सूरत में बिगड़ने न दिया जाए।
एडीजी कानून व्यवस्था अतुल वर्मा ने बताया कि भारत बंद के दौरान इस बात पर खास ध्यान रखने को कहा गया है कि कोई किसी को जबरन बंद में शामिल होने के लिए बाध्य न कर सके। बंद के समर्थन और विरोध करने वालों के बीच किसी तरह का टकराव भी न हो।
उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वहीं, बंद के लिए लेफ्ट पार्टियों ने कमर कस ली है। पार्टी पदाधिकारियों की मानें तो बंद को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। कई जगहों पर बाजार बंद रहे सकते हैं, यातायात भी प्रभावित रह सकता है। ऐसे में आप पूरी तैयारी के साथ ही घर से निकलें।
हिमाचल कांग्रेस ऐसे जताएगी विरोध
इसके अलावा प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर भले ही विरोध न जताए लेकिन ज्ञापन देकर नाराजगी व्यक्त करेगी। प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के कुछ मंत्रियों के साथ राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देंगे
इसके अलावा पार्टी की जिला इकाइयां भी डीसी के माध्यम से नाराजगी व्यक्त करेंगी। बंद से इतर व्यापारी संगठनों ने पहले ही खुद को अलग कर लिया है। व्यापारियों का कहना है कि नोटबंदी से पहले ही उन्हें खासा नुकसान हुआ है। ऐसे में बाजार बंद कर एक और दिन का नुकसान नहीं उठाएंगे।