अरुण धूमल बोले- फॉर्म में हैं खिलाड़ी, भारत टी-20 विश्व कप का प्रबल दावेदार
बीसीसीआई कोषाध्यक्ष ने सोमवार को पांवटा साहिब में क्रिकेट स्टेडियम के लिए चिन्हित की गई भूमि स्थल का जायजा लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय क्रिकेट केंट्रोल बोर्ड के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा कि भारत की टीम इस बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने की प्रबल दावेदार है। आईपीएल में अधिकतर खिलाड़ी फॉर्म में आ चुके हैं। इंडिया की मजबूत टीम वल्र्ड कप में भाग ले रही है। बीसीसीआई कोषाध्यक्ष सोमवार को पांवटा में महिला क्रिकेट अकादमी के शुभारंभ करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड प्रमुख रमीज राजा का बयान अजीब और समझ से परे है। खेलों से मैत्री भावना, जीत का जज्बा और सौहार्द पैदा होता है। बीसीसीआई ये कभी नहीं चाहती कि किसी देश के खेलों को नुकसान पहुंचाया जाए। हमारा लक्ष्य किसी भी देश में क्रिकेट खेल को मजबूत करना रहा है।
क्रिकेट में राजनीति नहीं लाना चाहते है। बीसीसीआई कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा कि इस बार टी-20 वर्ल्ड कप भारत में करवाना चाहते थे। जिसमें धर्मशाला में भी मैच करवाने की योजना थी। लेकिन, कोविड-19 संक्रमण के तीसरी लहर की आशंका के चलते यूएई-ओमान में शिफ्ट किया गया। बीसीसीआई कोषाध्यक्ष ने सोमवार को पांवटा साहिब में क्रिकेट स्टेडियम के लिए चिंहित की गई भूमि स्थल का जायजा लिया। उन्होंने सिरमौर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अतर सिंह नेगी व महासचिव राजीव बब्बी को शीघ्र सभी औपचारिक्ताओं को पूरा करने के निर्देश दिए।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक रहे हिमाचल के खिलाड़ी: अरुण
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा कि धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम है। जो विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्टेडियमों में से एक है। आज विश्व भर में हिमाचल की क्रिकेट प्रतिभाएं चमक बिखेर रही है। प्रदेश में नई क्रिकेट अकादमियों के खुलने से नई प्रतिभाएं उभर कर सामने आ सकेगी। अरुण धूमल सोमवार को पांवटा कन्या स्कूल में प्रथम महिला क्रिकेट अकादमी के शुभारंभ के बाद संबोधित कर रहे थे। बीसीसीआई कोषाध्यक्ष ने कहा कि देश के खेल मंत्री बने अनुराग ठाकुर का सपना था कि कि हिमाचल से खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेले। बेहतरीन खेल स्टेडियम व सुविधाएं प्रदेश में हो। आज हिमाचल के खिलाड़ी ऋषि धवन, सुषमा वर्मा, हरलीन व रेणुका ठाकुर पुरुष, महिला वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
उन्होंने पांवटा मेें क्रिकेट स्टेडियम के लिए भूमि अधिग्रहण की सभी औपचारिक्ताओं को शीघ्र पूरा करवाने की बात कही। जिससे पांवटा साहिब खेल स्डेडियम मैदान तैयार किया जा सके। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से स्टेडियम का शुभारंभ करवाया जाएगा। एचपीसीए सचिव सुमित शर्मा ने कहा कि प्रदेश क्रिकेट में अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में आगे बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर का धर्मशाला स्टेडियम बना। इससे पहले सिरमौर क्रिकेट संघ अध्यक्ष अतर सिंह नेगी ने पांवटा में क्रिकेट स्टेडियम की मांग रखी। इस अवसर पर एसडीएम पांवटा साहिब विवेक महाजन, मनुज शर्मा, विजय भंडारी, आरपी तिवारी, सुभाष चौधरी, एनपीएस नारंग, जिला सिरमौर क्रिकेट संघ अध्यक्ष अतर नेगी और महासचिव राजेंद्र बब्बी उपस्थित रहे।