हिमाचल में इस दिन बंद रहेंगे बैंक, कर्मचारी करेंगे हड़ताल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में बैंक ग्राहकों को परेशानी से जूझना पड़ सकता है। हिमाचल में बुधवार को सभी राष्ट्रीय बैंक बंद रहेंगे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन ने 26 दिसंबर को देशव्यापी हड़ताल का एलान किया है।
बैंकों के विलय का सड़क पर उतरकर कर्मचारियों ने विरोध करने का फैसला लिया है। उधर, एटीएम खाली होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। मंगलवार को क्रिसमस की छुट्टी के चलते एटीएम में पैसा नहीं डाला गया है।
क्रिसमस और नए साल के लिए प्रदेश में सैलानियों की संख्या अधिक होने के चलते एटीएम का काफी अधिक प्रयोग भी हो रहा है। ऐसे में बुधवार को एटीएम में नकदी की कमी का सामना करना पड़ सकता है।
ये है हड़ताल की वजह
हिमाचल बैंक इंप्लाइज फेडरेशन के महासचिव प्रेम वर्मा ने बताया कि बैंकों के पारस्परिक विलय के विरोध में यह हड़ताल की जा रही है। सभी अधिकारी व कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह विलय देश हित और कर्मचारियों के हित में नहीं है।
सरकार बैंकों को निजीकरण की ओर धकेल रही है। विश्व के अन्य देशों के मुकाबले भारत में बैंकिंग सेक्टर के विस्तार की बहुत अधिक संभावनाएं हैं। देश के हजारों गांव आज भी बैंक सुविधा से महरूम हैं। केंद्र सरकार जन धन योजना के दूसरे चरण को शुरू करने की तैयारी में है।
इससे स्पष्ट है कि देश के लाखों लोगों तक अभी तक बैंकों की सुविधा नहीं पहुंची है। वर्मा ने कहा कि इस हड़ताल के बाद भी अगर केंद्र सरकार ने अपना फैसला नहीं बदला तो बैंक यूनियन संघर्ष को और तेज करने को विवश होगी।