विधानसभा के बाहर धरने से गुस्साए मंत्री ने कहा निकाल दो पीस मील वर्कर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश परिवहन निगम में उस वक्त हड़कंप मच गया जब निगम के एमडी ने व्हाट्सएप ग्रुप में धरना देने वाले पीस मील वर्करों को निकालने के आदेश जारी कर दिए। इस संदेश के प्रसारित होते ही हड़कंप मच गया। बाद में ये आदेश एमडी को वापस लेना पड़ा।
हुआ यूं कि पीस मील वर्करों ने अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को विधानसभा का घेराव किया। इससे गुस्साए परिवहन मंत्री जीएस बाली ने एमडी से इस प्रदर्शन का कारण पूछा और मैनेज करने को कहा। ऐसा न होने पर मंत्री ने गुस्से में पीस मील वर्करों को निकालने की बात कह डाली।
एमडी ने भी फट से व्हाट्सएप पर डीएम को पीस मील वर्करों को हटाने के निर्देश जारी कर दिए। अधिकारियों को जब एमडी के यह आदेश मिले तो वह दंग रह गए। उन्होंने पीस मील वर्करों को काम पर न आने की बात कह डाली।
हड़कंप के बाद बाली से मिले कर्मचारी
आनन-फानन में परिवहन निगम कर्मचारी एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल परिवहन मंत्री जीएस बाली से मिला और उन्हें स्थिति के बारे में अवगत कराया। ऐसे में मंत्री ने एसोसिएशन को आश्वस्त किया कि सभी फीस मील वर्करों को वापस लिया जाएगा।
क्या कहते हैं निगम के डीएम
शिमला के डीएम अनिल सेन, हमीरपुर के डीएम दलजीत सिंह और धर्मशाला के डीएम विजय सिंह ने कहा कि पीस मील वर्करों ने ड्यूटी ज्वाइन कर ली है। हिमाचल में 1100 के करीब पीस मील वर्कर हैं। यह वर्कर निगम की वर्कशाप और दफ्तरों में सेवाएं दे रहे हैं।
'पीस मील वर्करों की ओर से किया गया प्रदर्शन ठीक नहीं है। इन वर्करों को नौकरी से नहीं निकाला गया। एमडी की ओर से व्हाट्सऐप पर जारी आदेश सख्ती बरतने के लिए जारी किए गए।'-जीएस बाली, परिवहन मंत्री