अस्पताल के शौचालयों में गंदगी देखी तो तीमारदार ने ही कर दी सफाई, हर तरफ हो रही प्रशंसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएम के गृह जिले के सिविल अस्पताल गोहर में अपनी माता के उपचार के लिए आई महिला ने वार्ड के शौचालयों की गंदगी साफ कर सरकार के स्वच्छता के दावों की पोल खोल दी। महिला ने शौचालय में गंदगी होने के कारण स्वेच्छा से सफाई शुरू कर दी।
ठाकरी देवी (44) पत्नी लीलाधर गांव चुडारा तहसील गोहर की रहने वाली हैं। ठाकरी देवी की माता का गोहर अस्पताल में बीते एक सप्ताह से उपचार चल रहा है। अस्पताल में सफाई कर्मियों के सभी पद खाली हैं।
इससे अस्पताल की सफाई व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है। रविवार को ठाकरी देवी ने महिला वार्ड के शौचालयों में गंदगी देखी तो उससे रहा नहीं गया। पोछा और बाल्टी उठाकर शौचालयों की स्वेच्छा से सफाई कर डाली। ठाकरी देवी ने बताया कि गंदगी के कारण वार्ड के सभी मरीजों को दिक्कतें आ रही थीं।
सफाई के लिए कोई कर्मी मौजूद नहीं था। इसलिए उन्होंने खुद ही सफाई करने की ठानी। ठाकरी देवी के इस कार्य की वार्ड में उपचाराधीन सभी मरीजों और उनके साथ आए तीमारदारों ने जमकर प्रशंसा की।
सिविल अस्पताल गोहर के प्रभारी डॉ. कुलदीप शर्मा ने बताया कि अस्पताल में सफाई कर्मियों सहित अन्य पद खाली चल रहे हैं। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है।
उन्होंने ठाकरी देवी के कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कुछ और संस्थाएं भी स्वेच्छा से अस्पताल में सफाई को लेकर आवेदन कर रही हैं। लोगों ने सरकार से यहां खाली चल रहे पदों को जल्द भरने की मांग उठाई है।