भाजपा में शामिल हुए अनिल शर्मा ने किया बड़ा खुलासाः बोले-इस वजह से कांग्रेस छोड़ने को हुए मजबूर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा में शामिल हुए अनिल शर्मा ने कांग्रेस पार्टी छोड़ने को लेकर बड़ा खुलासा किया है। वीरभद्र सरकार में पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता हासिल कर ली है। अनिल ने कांग्रेस छोड़ने की वजह बार-बार पिता और परिवार की बेइज्जती को बताया है।
उन्होंने बताया कि बीते सितंबर में भ्यूली में आयोजित युवा कांग्रेस के संकल्प शिविर में पिता पंडित सुखराम को सीएम वीरभद्र सिंह ‘आया राम गया राम कह गए’। इससे उनका पूरा परिवार आहत हुआ। बावजूद इसके सोचा कि वीरभद्र सिंह बुजुर्ग हैं। उन्होंने ऐसा कह दिया होगा।
बात खत्म हो गई। लेकिन बेइज्जत करने का यह सिलसिला नहीं रुका। बीते 7 अक्तूबर को पड्डल मैदान में राहुल गांधी की रैली हुई। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुशील कुमार शिंदे ने पंडित सुखराम को खुद न्योता दिया। कहा कि वह मंडी में रैली में जरूर आएं।
बुजुर्ग पिता पूरी रात सफर करके दिल्ली से मंडी पहुंचे
बुजुर्ग पिता पूरी रात सफर करके दिल्ली से मंडी पहुंचे। लेकिन रैली से पहले शिंदे का फोन आया कि पंडित सुखराम से कहें कि वह रैली में न आएं। वीरभद्र सिंह कहते हैं कि अगर रैली में आएंगे तो वह विरोध करेंगे। पार्टी के हित में मैंने खुद पिता से न आने की बात कही।
लेकिन पड्डल मैदान में स्थानीय विधायक होने के नाते मुझे स्वागत करना था लेकिन मौका दिया गया स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह को। समर्थकों ने ऐतराज जताया तो मुझे धन्यवाद के लिए माइक थमा दिया गया।
हाल ही में जारी कांग्रेस की चुनाव प्रचार और अन्य कमेटियां बनाई गईं, उसमें कनिष्ठ साथियों को अहम पद दिए गए जबकि मुझे दरकिनार कर दिया गया। प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू से पूछता गया तो उन्होंने बताया कि आपका नाम हाईकमान को भेजा था लेकिन वहां से काट दिया गया है।
क्या जो वीरभद्र सिंह कहेंगे, वही होगा
अनिल शर्मा ने कहा कि क्या मैं पंडित सुखराम का बेटा हूं, इसलिए मुझे पीछे किया जाता रहा। मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए भी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से शिकायत करनी पड़ी, जिनकी बदौलत मुझे मंत्री पद मिला और उनका मैं आभारी हूं। क्या जो वीरभद्र सिंह कहेंगे वही होगा? पार्टी आलाकमान सुप्रीम होना चाहिए न कि कोई व्यक्ति विशेष। मैंने पिता से बात की, उसके बाद यह फैसला लिया है।
मंत्रिमंडल से इस दिन देंगे इस्तीफा
पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने भाजपा की सदस्यता ले ली है। सोमवार को अनिल शर्मा वीरभद्र मंत्रिमंडल से इस्तीफा देंगे। सोमवार को ही उन्होंने ब्लॉक कांग्रेस से अपने समर्थकों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में वह भाजपा में शामिल होने वाले अपने समर्थकों की सूची बनाएंगे।
उधर, रविवार को दिन भर उनके घर में लोगों का आना-जाना लगा रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया तो कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता उन्हें मनाने की कोशिश करते रहे।