सोलन: आनंद शर्मा बोले- इतिहास को बदलकर पेश कर रही भाजपा
पूर्व केंद्रीय वाणिज्य मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने दून के मंधाला और नालागढ़ के पंजेहरा में जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा इतिहास को बदलकर पेश कर रही है। लेकिन इतिहास के पन्नों में जो अंकित है, उसे नहीं बदला जा सकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व केंद्रीय वाणिज्य मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने भाजपा पर तीखे वार किए हैं। मंगलवार को दून के मंधाला और नालागढ़ के पंजेहरा में जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा इतिहास को बदलकर पेश कर रही है। लेकिन इतिहास के पन्नों में जो अंकित है, उसे नहीं बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार वर्तमान में अमृत उत्सव मना रही है। भाजपा 2014 से केंद्र की सत्ता में आई है। इससे पूर्व की सरकार ने देश के निर्माण के लिए जो भी किया, उसे नजरंदाज नहीं किया जाना चाहिए। वर्ष 2014 से पहले चंद्रयान चंद्रमा पर जा चुका था और मंगलयान भी रवाना हो चुका था। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान 140 करोड़ देशवासियों के लिए वैक्सीन एक दिन में तैयार नहीं हो गई है। इसके लिए पहले सत्ता में रही सरकारों ने संस्थान और वैज्ञानिक तैयार किए थे। उन्होंने कहा कि 70 के दशक में भारत दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन तैयार करने वाला देश बन चुका था। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान कई बच्चे व महिलाएं अनाथ हो गए हैं।
इन अनाथ परिवारों को सरकार की ओर से चार लाख रुपये मुआवजा राशि दी जानी चाहिए थी, लेकिन इन्हें महज पचास हजार रुपये दिए गए हैं। वर्तमान में जब लोग महामारी के चलते घर पर बैठ गए तो मनरेगा की दिहाड़ी बढ़ाने के लिए भी कांग्रेस ने कई बार सरकार से आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश व देश में बेरोजगारी चरम सीमा पर है। केंद्र सरकार ने प्रति वर्ष दो करोड़ लोगों को रोजगार देने की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक ऐसा कुछ नहीं कर पाई है। आर्थिक मंदी के चलते युवाओं का भविष्य अंधकार में है। सरकार को चाहिए कि युवाओं को रोजगार देने लिए योजना बनाई जाए। आनंद शर्मा ने कहा कि जनता देश व प्रदेश में बदलाव लाने वाली है। बदलाव प्रकृति का नियम है। पहले वह मंत्री थे लेकिन अब नहीं रहे। जो अब हैं, वह कुछ माह बाद नहीं रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने की नसीहत दी। इस मौके पर उन्होंने दून में 35 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं।
सांसद आनंद शर्मा ने दिए प्रदेश की राजनीति में प्रवेश के संकेत
राज्यसभा सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने हिमाचल प्रदेश की राजनीति में प्रवेश करने के संकेत नालागढ़ में कांग्रेस की जनसभा के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि मैं अभी न तो रिटायर हुआ हूं, और न टायर्ड हुआ हूं। मैं अभी सक्रिय हूं। मुझे चुका हुआ समझने की भूल न करें। नालागढ़ के पंजेहरा में आयोजित पार्टी की जनसभा में कहा कि वर्तमान में प्रदेश की जनता तकलीफ में है। लोग महंगाई व अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। भाजपा की सरकार युवाओं को रोजगार देने में नाकाम रही है। कोरोना काल में सैकड़ों युवाओं की नौकरी चली गई है। सरकार को इन युवाओं के लिए योजना बनाने की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस विचारधारा के लोगों को एकजुट होकर संगठित होने के लिए कहा। उन्होंने नालागढ़ से पार्टी के विधायक लखविंद्र सिंह राणा की तारीफ करते हुए कहा कि वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। आनंद शर्मा ने कहा कि मंच पर एक विधायक, दो पूर्व विधायक व दो आने वाले विधायक विराजमान हैं, जिन्हें जल्द ही लोग विधानसभा में देखेंगे। इस मौके पर पूर्व विधायक राजेश धर्माणी, राम कुमार चौधरी, केवल सिंह पठानिया, शिव कुमार समेत पार्टी के कई लोग उपस्थित रहे।
आनंद शर्मा को उद्घाटन की अनुमति न देने पर भड़की कांग्रेस
वहीं, राज्यसभा सांसद आनंद शर्मा के हाथों सांसद निधि से बने दो प्रोजेक्टों के 24 फरवरी को तय उद्घाटन की शिमला जिला प्रशासन से अनुमति न मिलने पर शहरी कांग्रेस भड़क गई है। कांग्रेस ने इस पर आपत्ति जताते हुए रिज मैदान में मौन प्रदर्शन किया और उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना भी दिया। उपायुक्त आदित्य नेगी की गैर मौजूदगी में कार्यकर्ता धरने पर डटे रहे। लौटने के बाद उपायुक्त नेगी ने उद्घाटन का आश्वासन दिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया। शहरी कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, पूर्व शहरी अध्यक्ष अरुण शर्मा ने इसे भाजपा की ओछी राजनीति करार दिया है। चौधरी ने कहा कि कलस्टन में सामुदायिक भवन और मशोबरा में वृद्ध आश्रम के उद्घाटन पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की मर्यादाओं का हनन है।