Himachal: कुल्लू में सड़क पार कर रही बुजुर्ग महिला को एचआरटीसी बस ने कुचला, मौत
कुल्लू जिला मुख्यालय के ढालपुर चौक में एक एचआरटीसी बस ने बुजुर्ग महिला को कुचल दिया। इससे महिला की मौत हो गई है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला मुख्यालय स्थित ढालपुर चौक में एचआरटीसी की बस ने एक बुजुर्ग महिला को कुचल दिया। इससे महिला की मौत हो गई है। हादसा सुबह 10:30 बजे के करीब हुआ, जब एचआरटीसी के केलांग डिपो की एचपी 42-1257 नंबर बस मनाली से चंडीगढ़ जा रही थी। इस दौरान ढालपुर बस ठहराव के पास कुछ देर के लिए रुकी थी। इसी बीच बुजुर्ग महिला अपनी बहू और भांजे के साथ सड़क पार कर रही थी कि बस भी चल पड़ी। इस दौरान बुजुर्ग महिला से बहू का हाथ छूट गया और वह बस के नीचे आ गई। बस चलती रही और पूरी बस बुजुर्ग महिला के ऊपर से होकर निकल गई और उसके बाद जाकर बस चालक ने ब्रेक लगाई। घटना में महिला की बहू को भी चोटें आई हैं।
हादसे के बाद बुजुर्ग महिला को ऑटो में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई और पुलिस सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। उसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। उधर ,पुलिस ने घटना को लेकर एचआरटीसी बस चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक महिला की पहचान गेहरी देवी पत्नी चेत राम निवासी खलोगी, डाकघर खडिहार, कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन के अनुसार पुलिस ने घटना के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया है। घटना को लेकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
अस्पताल में उपचार के लिए आई थी बुजुर्ग गेहरी देवी
गोपाल ने बताया कि मृतक गेहरी देवी रिश्ते में मेरी बुआ लगती थी और उसे आयुर्वेदिक अस्पताल में उपचार करवाने के लिए लाया था और डॉक्टर के पास दिखाने के बाद उनके रक्त के सैंपल लिए गए और एक इंजेक्शन लगाया गया था। डॉक्टर ने सलाह दी थी कि अब खाना खाने के बाद दोबारा अस्पताल आना और उसके बाद और इंजेक्शन लगाया जाएगा। डॉक्टर की सलाह के बाद जब खाना खाने के लिए वह तीनों सड़क पार कर रहे थे तो यह हादसा हो गया।