धर्मशाला से वापस दिल्ली जाना हुआ और भी महंगा, 15 हजार पहुंचा किराया
हिमाचल प्रदेश में विमानन कंपनियों का विस्तार न होने का खामियाजा यहां आने वाले पर्यटकों को भारी-भरकम किराया चुकाकर भुगतना पड़ रहा है। तीन दिन की छुट्टियों के दौरान कांगड़ा में सेवाएं देने वाली विमानन कंपनियों ने एकाएक हवाई सफर महंगा कर दिया है। यात्रियों को अब यह सफर दोगुने दाम चुका कर करना पड़ेगा।
मेक माई ट्रिप से मिले आंकड़ों के अनुसार 22 नवंबर को धर्मशाला से दिल्ली के लिए स्पाइस जेट फ्लाइट का टिकट 4078 रुपये में था। इसमें यकायक वृद्धि हो गई है। 24 नवंबर को धर्मशाला से दिल्ली का न्यूनतम हवाई किराया 7385 रुपये था, जबकि इसी दिन दिल्ली से धर्मशाला आने के लिए हवाई यात्रियों को सबसे अधिक 10666 रुपये चुकाने पड़े।
24 नवंबर को स्पाइस जेट से धर्मशाला से दिल्ली जाने का किराया 10378 रुपये है, जबकि धर्मशाला आने के लिए 10351 रुपये चुकाने होंगे। एयर इंडिया की पहली फ्लाइट में 7385, दूसरी उड़ान में 10745 रुपये चुकाने पड़ेंगे। इसके अलावा धर्मशाला आने के लिए पहली फ्लाइट में 9616 और दूसरी में 10666 रुपये का किराया है।
किराया बढ़ने के कारण
इसी तरह 25 नवंबर को रविवार के दिन दिल्ली से धर्मशाला आना तो सस्ता होगा, लेकिन पर्यटकों को धर्मशाला से वापस दिल्ली जाने के लिए साढ़े 14 हजार रुपये तक चुकाने होंगे। 25 नवंबर को एयर इंडिया की पहली फ्लाइट में किराया 9695 और दूसरी में 13160 है।
जबकि इस दौरान स्पाइस जेट की उड़ान में धर्मशाला से दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को 14578 रुपये का भुगतान करना होगा। हैरानी इस बात की है कि ऑफ सीजन के दौरान यह किराया आम तौर पर एक समान ही रहता है लेकिन, वीकेंड और पर्यटन सीजन के दौरान आसमान छू रहा है। इसका पर्यटन नगरी धर्मशाला पर विपरीत असर पड़ रहा है।
जानकारों की मानें तो प्रदेश में हवाई किराया बढ़ने का कारण एक तो कम फ्लाइटों का यहां लैंड करना है। इसके अलावा सरकार ने हवाई जहाजों के फ्यलू पर विभिन्न प्रकार की ड्यूटीज लगाई हैं। इसके चलते यहां का सफर महंगा है। अगर सरकार इन ड्यूटीज को कम करे तो किराये में कमी हो सकती है।
पर्यटन सीजन के दौरान विमानन कंपनियां कांगड़ा आने के लिए मनमाना किराया वसूलती हैं। इसका पर्यटन सीजन पर विपरीत असर पड़ रहा है। इस किराये पर पर्यटन विभाग को अंकुश लगाना चाहिए। - अश्वनी बांबा, अध्यक्ष होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन, अपर धर्मशाला