पुलवामा हमले के बाद हिमाचल से सटी सीमाओं पर अलर्ट जारी
पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर के पुलवाला में सीआरपीएफ जवानों पर आतंकी हमले की घटना के बाद हिमाचल में भी अलर्ट जारी हो गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि सभी जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।
साथ ही जेएंडके से लगती चंबा और कांगड़ा की सीमाओं पर सुरक्षा के बंदोबस्त बढ़ा दिए गए हैं। सीएम ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कायरतापूर्ण कदम करार दिया था।
उधर, ऊना जिले में पुलिस अलर्ट पर है। हिमाचल के प्रवेश द्वारों पर सख्ती कर दी गई है। हर गाड़ी की गहनता से तलाशी ली जा रही है। गगरेट के एसएचओ चैन सिंह ने बताया कि पूरे क्षेत्र के नाकेबंदी की गई है। एक-एक गाड़ी की तलाशी ली जा रही है। प्रदेश के बिजली प्रोजेक्टों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
हर गाड़ी की गहनता से हाे रही तलाशी
मंडी, बिलासपुर और कांगड़ा जिलों से लगते सीमांत इलाकों में नाके लगाए दिए हैं। प्रदेश के सभी शक्तिपीठों के साथ प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर में भी सुरक्षा बढ़ा दी है।
उधर, एसपी हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि मुख्यालय से अलर्ट के निर्देश मिलने के बाद सभी थाना व चौकी प्रभारियों को सतर्क रहने के आदेश दिए हैं। जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले के बाद चंबा जिले में भी अलर्ट जारी कर दिया है।
जिले का 64 किलोमीटर का सीमांत क्षेत्र पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर से सटा है। ऐसे में यहां की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इससे पूर्व वर्ष 1998 में भी आतंकवादियों ने सतरूंडी और कालावन में 35 निहत्थे मजदूरों को गोलियों से भून डाला था।
इसके बाद जेएंडके से लगती चंबा की सीमा पर आईटीबीपी तैनात कर दी थी। एएसपी चंबा रमन शर्मा ने बताया कि जिले के बॉर्डर एरिया में अलर्ट जारी किया है। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने बताया कि चौकसी पहले से अधिक बढ़ा दी है।