रोहतांग पर बड़ा फैसला, आज से नहीं ले पाएंगे इनका मजा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छुट्टियों में रोहतांग पर जाकर बर्फ के बीच मस्ती करने वाले सैलानियों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के कड़े एतराज और प्रदेश सरकार को जारी नोटिस के बाद कुल्लू जिला प्रशासन ने प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रोहतांग, सोलंगनाला और मढ़ी में स्नो स्कूटर, घुड़सवारी, पैराग्लाइडिंग, स्नो बाइकिंग, टायर ट्यूब से बर्फ पर स्लाइडिंग आदि सभी एडवेंचर स्पोर्ट्स पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
इन तीनों पर्यटन स्थलों पर अब सैलानी बुधवार से साहसिक खेलों का लुत्फ नहीं उठा पाएंगे। साथ ही अब रोहतांग के लिए किसी भी प्रकार के दोपहिया वाहन नहीं जा सकेंगे। एनजीटी में सुनवाई के बाद मंगलवार को बैठक कर जिला प्रशासन ने पूर्ण रोक लगा दी है।
दुकानों की भी नहीं मिलेगी सुविधा
यही नहीं मढ़ी को छोड़कर वशिष्ठ से लेकर रोहतांग दर्रे तक ढाबे, रेहड़ी व अस्थायी दुकानें भी नहीं सजा पाएंगे। जिला प्रशासन ने सख्त आदेश जारी किए हैं कि अब अगर कोई आदेशों का उल्लंघन पाया तो कड़ी कार्रवाई होगी।
उपायुक्त कुल्लू राकेश कंवर ने बताया कि एनजीटी ने रोहतांग, सोलंगनाला और मढ़ी की निरीक्षण रिपोर्ट के बाद तलख टिप्पणी जारी की है। इन स्थलों में सैलानियों के भ्रमण पर पूर्ण प्रतिबंध न लग जाए इसलिए कड़े कदम उठाए गए हैं।
लूट खसोट रोकने के लिए लिया फैसला
अब एनजीटी के आदेशों के अनुसार न तो बर्फ को नुकसान पहुंचेगा और न ही सैलानियों से लूट खसोट हो सकेगी। उन्होंने बताया कि मढ़ी से आगे रोहतांग तक सजी अस्थायी दुकानों को हटाने के लिए प्रशासन जल्द कार्रवाई करेगा।
कई की छिनी रोजी
जिला प्रशासन के इस फैसले से मनाली से लेकर रोहतांग तक एक हजार से ज्यादा कारोबारी बेरोजगार हो गए हैं। कुछ लोगों ने लाखों रुपये लगाकर स्नो स्कूटर खरीदे हैं, अब उन्हें परिवार पालने और अपना पैसा पूरा होने का संकट छा गया है।