18 लाख राशन कार्ड धारकों को झटका, इस बार फीकी रहेगी दीवाली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के 18 लाख राशन कार्ड धारकों को सरकार ने झटका दिया है। सरकार के इस फैसले से इस बार उपभोक्ताओं की दीवाली फीकी रहने वाली है। दरअसल हिमाचल सरकार इस बार दिवाली पर कार्ड धारकों को चीनी का अतिरिक्त कोटा नहीं देगी।
हर साल फेस्टिवल कोटे के तहत उपभोक्ताओं को दीवाली के दौरान दी जाने वाली 100 ग्राम अतिरिक्त चीनी पर सरकार ने कट लगा दिया है। अक्तूबर महीने में उपभोक्ताओं को चीनी का नियमित कोटा ही दिया जाएगा। अतिरिक्त मुख्य सचिव खाद्य नागरिक आपूर्ति तरुण कपूर ने इसकी पुष्टि की है।
प्रदेश में राशन कार्ड धारकों को प्रति व्यक्ति हर माह सरकार आधा किलो चीनी का कोटा देती है। दिवाली के दौरान फेस्टिवल कोटे के तहत प्रति व्यक्ति को सौ ग्राम अतिरिक्त चीनी दी जाती थी, लेकिन इस बार सरकार ने फेस्टिवल कोटा न देने का फैसला लिया है।
केंद्र से चीनी पर नहीं मिली सब्सिडी
फेस्टिवल कोटे को बंद करने का कारण केंद्र सरकार से चीनी पर सब्सिडी नहीं देना बताया जा रहा है। केंद्र सरकार ने इस साल मई महीने से हिमाचल को चीनी पर सब्सिडी देना बंद कर दिया है। वर्तमान में प्रतिमाह राशन कार्ड धारकों को हिमाचल सरकार अपने खर्च पर चीनी पर सब्सिडी दे रही है।
फेस्टिवल कोटे के तहत प्रति उपभोक्ता सौ ग्राम अतिरिक्त चीनी देना सरकार के लिए मुश्किल हो गया है। ऐसे में सरकार ने इस साल दीवाली पर फेस्टिवल कोटे को ना देने का फैसला लिया है।