कांग्रेसियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर ऐसे हुई अभद्र टिप्पणियां, रिपोर्ट में खुलासा
लोकसभा चुनाव में हार मिलने के बाद प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर हुई अभद्र टिप्पणियां फर्जी आईडी से की गईं। मामले की जांच को गठित कमेटी की रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है।
शनिवार को जांच कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर को रिपोर्ट सौंपी। शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित जांच कमेटी की बैठक में बताया कि सोशल मीडिया में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करने बाले कथित पार्टी कार्यकर्ताओं की फर्जी आईडी सामने आ गई है।
पार्टी ने अब जांच का दायरा बढ़ाने का फैसला किया है। पार्टी उन सब नकाबपोशों को बेनकाब करेगी, जो पार्टी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया हो या कोई अन्य अनुशासन हीनता किसी भी स्तर पर सहन नहीं होगी।
चुनावों के बाद फेसबुक जैसे सोशल मीडिया में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गईं, वह पार्टी के नियमों के खिलाफ हैं। हाईकमान ने भी कड़ा संज्ञान लेते हुए कार्यवाही करने को कहा है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव हरिकृष्ण हिमराल ने बताया कि जांच के दौरान पार्टी पदाधिकारियों के नाम पर कुछ फर्जी आईडी भी पाई गईं हैं। इसके पीछे कौन है। इसकी जांच पार्टी का आईटी सेल कर रहा है।
पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं को टैग कर इन्हें शेयर किया गया। हालांकि पार्टी कार्यकर्ता इसे अपनी नासमझी भी बता रहे हैं। हिमराल ने कहा कि कार्यकर्ताओं को भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत देते हुए इस के मुख्य कर्णधारों की जानकारी देने को कहा गया है।
हिमराल ने बताया है कि प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने पार्टी के उन वफादार कार्यकर्ताओं की भी पूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है, जो सोशल मीडिया में पार्टी के प्रचार प्रसार में लगे हैं। ऐसे लोगों को पार्टी महत्वपूर्ण भूमिका देने पर विचार कर रही है।