Chandigarh Manali NH: एचआरटीसी की चलती बस पर गिरी बड़ी चट्टान, 3 सवारियों को...
जिला मंडी में एचआरटीसी की चलती बस पर पहाड़ी से एक बड़ी चट्टान गिर गई। इस कारण करीब एक घंटे तक हाईवे बाधित रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर शनिवार रात 11:30 बजे मंडी के नौ मील के पास एचआरटीसी की चलती बस पर पहाड़ी से गिरी एक चट्टान आकर टकरा गई। हादसे में बस में सवार तीन लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी बस में घर भेज दिया गया है। हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और एनएच भी एक घंटे तक बंद रहा। केलांग डिपो की यह बस मनाली से शिमला जा रही थी।
उधर, भारी बारिश के कारण नगर निगम मंडी के कई वार्डों में पानी ने तबाही मचाई। लोगों की घरों और दुकानों में बारिश का पानी घुस गया। इससे लोगों को रातभर परेशान होना पड़ा। भारी बारिश के बाद नालियों की गंदगी भी सड़कों पर आ गई हैं। वहीं, कांगड़ा जिले में भी धर्मशाला के अलावा पालमपुर, इंदौरा और कांगड़ा सहित कई क्षेत्रों में बारिश से धान की फसल को संजीवनी मिली है। ऊना और हमीरपुर के भी कुछ इलाकों में बारिश हुई है, जबकि शिमला में बूंदाबांदी हुई।
किन्नौर में नाले में बाढ़ से सेब के बगीचों में घुसा मलबा, तीन परियोजनाएं क्षतिग्रस्त
किन्नौर जिले के सांगला तहसील के अंतर्गत सेरिंगचे और थैमगारंग नाले में बारिश के चलते रविवार सुबह 5:30 बजे के करीब आधा घंटा तक बाढ़ आने से स्थानीय लोगों के बगीचों को नुकसान पहुंचा है। बाढ़ से जलशक्ति विभाग की दो सिंचाई और एक पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हुई है, जिसके कारण विभाग को करीब 23 लाख का नुकसान हुआ है। थैमगारंग पंचायत में करीब डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है, जिसमें एक सिंचाई कूहल, चैंबर और पानी की पाइपलाइन बह गई है। स्थानीय निवासी नंद कुमार का 150 सेब के पौधे, रंजीत सिंह का 60 पौधे नष्ट हो गए। पदम भूषण और प्रसाद के बगीचे में भी मलबा भर गया है। पंचायत प्रधान मनोहर देवी ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द प्रभावितों को मुआवजा दें ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उधर, सांगला के नायब तहसीलदार अशोक मेहता के साथ राजस्व विभाग की टीम ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया।
हिमाचल में आज और कल भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल प्रदेश में 22 और 23 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। अगले दो दिनों में ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, गरज के साथ छींटे और बिजली कड़कने के आसार हैं। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 22 जुलाई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ छींटे और बिजली चमकने की संभावना है। रविवार को भुंतर में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।