प्यार का दर्दनाक अंजाम, युवक ने प्रेमिका के सामने तोड़ा दम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मेरठ से भागकर हिमाचल के चंबा के होली में छिपे प्रेमी जोड़े में से युवक की शनिवार सुबह दर्दनाक मौत हो गई, जबकि प्रेमिका को पुलिस की निगरानी में रखा गया है। एक ही समुदाय से संबंधित यह जोड़ा करीब डेढ़ सप्ताह से होली में क्वार्टर लेकर रह रहा था।
शुक्रवार शाम को उत्तर प्रदेश पुलिस और लड़के के रिश्तेदार शाम करीब सात बजे इनोवा गाड़ी में सवार होकर होली की सांह पंचायत के सलून गांव पहुंच गए। जहां प्रेमी जोड़े का क्वार्टर था। गाड़ी आती देखकर हड़बड़ाहट में जोड़ा सामने सीधी ढलान पर चढ़ गया।
रात तक ऊपर की तरफ जाता रहा। कुछ दूरी तक पुलिस और युवक के परिजनों ने दोनों का पीछा किया, लेकिन बाद में वह सभी नीचे उतर आए। पहाड़ की चोटी पर बराघनी दा कंडा जगह में दोनों ने रात गुजारी।
फिर भागने की फिराक में था प्रेमी जोड़ा, मगर मिली मौत
इसके बाद सुबह होते ही प्रेमी जोड़ा किसी दूसरी सुरक्षित जगह की ओर भागने की फिराक में था। इस बीच युवक का पांव फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरा। युवती के अनुसार हादसे के बाद वह युवक के पास खाई में नीचे उतरी और उसने युवक को उठाने की कोशिश की।
लेकिन उसकी सांस नहीं चल रही थी और वो बेसुध पड़ा हुआ था। इसके बाद युवती दोबारा खाई से नीचे गांव में पहुंची। होली चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि युवती को नीचे उतरता देख उन्होंने एक महिला कांस्टेबल को सादे कपड़ों में युवती के पास भेजा और उससे पूरी बात जानी।
इसके बाद युवती को खाना खिलाकर वे वापस जहां युवक गिरा था उस जगह ले गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने युवक का शव बरामद कर लिया है। देर शाम तक पुलिस शव को लेकर नीचे सड़क तक नहीं पहुंच पाई थी।
मेरठ में एक ही मोहल्ले के थे दोनों
उत्तर प्रदेश के युवक की पहचान सरताज निवासी मेरठ के रूप में हुई है, जबकि युवती की पहचान का खुलासा पुलिस ने नहीं किया है। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही मोहल्ले में रहते थे और काफी पहले दोनों भागकर होली आ गए थे। युवक होली में बिजली परियोजना में बतौर बेल्डर का काम कर रहा था।
पोस्टमार्टम के बाद खुलेंगी परतें : प्रभारी
होली चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद मामले की सारी परतें खुलेंगी। युवती का बयान पुलिस ने दर्ज कर लिया है और इसके आधार पर यह मौत एक हादसा लग रही है।
उन्होंने बताया कि युवती ने अपने बयान में बताया है कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि गाड़ी में पुलिस भी है। उन्हें लगा उनके परिजन उन्हें यहां से ले जाने आए हैं इसलिए वे पहाड़ी की तरफ भाग गए।