बांध से पानी छोड़ते ही उफान पर आई सतलुज, 8 साल का मासूम बहा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के किन्नौर के कड़छम बांध से छोड़े गए पानी से उफान पर आई सतलुज की चपेट में आने से आठ साल का बालक बह गया। आरोप हैं कि कंपनी के सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही के कारण बच्चा नदी में बह गया।
हालांकि, कंपनी का दावा है कि बांध से पानी छोड़े जाने की सूचना पहले दी गई थी। जब पानी छोड़ा गया तो सायरन भी बजा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब सात बजे अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया।
झारखंड का प्रवीण टोपो पुत्र जेवियर (गुमला, झारखंड) दोस्तों के साथ टापरी के छोलतू नामक स्थान पर सतलुज किनारे लकड़ियां एकत्र कर रहा था। शोर मचाने पर सभी बच्चे नदी से दूर भागने लगे।
इसी बीच प्रवीण का पांव फिसल गया और असंतुलित होकर वापस नदी की ओर गिर गया। पानी का जलस्तर इतना ज्यादा था कि प्रवीण को इसके बाद भागने का मौका नहीं मिला। प्रवीण नदी के तेज बहाव में बह गया। इसका कहीं पता नहीं चल सका।
बच्चे की तलाश जारी, कंपनी ने कहा हमारी कोई गलती नहीं
सूचना मिलने पर पुलिस और कंपनी के अफसर और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बच्चे की तलाश की जा रही है लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। आरोप लगे हैं कि कंपनी के सुरक्षा गार्डों ने बच्चों को नदी के किनारे जाने से नहीं रोका।
सोमवार सुबह 10 बजे के बाद बांध का पानी रोका गया। इसके बाद प्रवीण की तलाश शुरू की गई है। खबर लिखे जाने तक प्रवीण का कोई सुराग नहीं लग पाया है। एएसआई यादव शर्मा ने बताया पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
नदी किनारे नहीं जाने की दी थी सूचना : गुप्ता
कंपनी के उप महाप्रबंधक संजय गुप्ता ने बताया की बांध से पानी छोड़े जाने से पहले पुलिस चौकी टापरी और कंपनी की पेट्रोलिंग पार्टी की ओर से स्थानीय लोगों को नदी के किनारे नहीं जाने की जानकारी दे दी गई थी।