महापौर के चाबा दौरे पर कांग्रेस-माकपा समर्थित पार्षदों ने साधा निशाना, सियासी घमासान शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनाव आचार संहिता के बीच चाबा परियोजना देखने गई मेयर कुसुम सदरेट की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। कांग्रेस और माकपा ने दौरे पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेसी पार्षदों का कहना है कि पिछले साल जब शिमला में पानी के लिए हाहाकार मचा था तब महापौर चीन चली गई थीं। लेकिन आजकल जब रोज पानी आ रहा है तो महापौर को अचानक चाबा की याद आ गई। कांग्रेस पार्षद इंद्रजीत सिंह ने पूछा कि आखिर चुनाव के समय चाबा जाने की जरूरत क्या पड़ी। यदि जाना जरूरी ही था तो बाकी पार्षदों को सूचना क्यों नहीं दी?
चुनाव आयोग से अनुमति क्यों नहीं ली। पार्षद दिवाकर शर्मा ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता को गुमराह करने की कोशिश की गई है। पेयजल को लेकर जो कदम एक साल पहले उठाने चाहिए थे, उसका दिखावा अब हो रहा है। माकपा पार्षद शैली शर्मा ने कहा कि मेयर ने जानबूझ कर आचार संहिता का उल्लंघन किया है। शहर में सैकड़ों लोगों को अब तक पानी बिल नहीं मिले हैं। मेयर को इनकी परेशानी नहीं दिखी। अब दौरा कर ड्रामा किया जा रहा है।
अपनी चिंता करे कांग्रेस : डिप्टी मेयर
चाबा दौरे को लेकर उठे विवाद पर उप महापौर राकेश शर्मा मेयर के बचाव में उतर आए हैं। उपमहापौर का कहना है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए मेयर ने यह दौरा किया। इसमें कुछ गलत नहीं है। कहा कि वह खुद व्यस्तता के चलते दौरे पर नहीं जा पाए। उपमहापौर ने कहा कि कांग्रेसी पार्षद उनकी चिंता छोड़ अपने पर ध्यान दें।
मेयर ही नहीं, पार्षदों को भी देना होगा जवाब
चुनाव आयोग की ओर से जारी नोटिस का जवाब मेयर के अलावा तीन भाजपा पार्षदों को भी देना होगा। पार्षद आरती चौहान, किमी सूद और शैलेंद्र चौहान से भी दौरे को लेकर जवाब मांगा है। नगर निगम आयुक्त ने तीनों पार्षदों को नोटिस की कापी दे दी है। मेयर ने पहली मई को चाबा का दौरा किया था। हालांकि, यह दौरा पार्षद की निजी गाड़ी में किया गया।
मैंने कुछ गलत नहीं किया : महापौर
महापौर कुसुम सदरेट ने कहा कि शहरवासियों को पानी की कमी न हो, इसके लिए दौरा किया। ऐसा नहीं कि मैं आचार संहिता के दौरान ही चाबा गई। पहले भी चाबा जा चुकी हूं। मेयर ने कहा कि कांग्रेस पार्षद पहले पेयजल संकट को लेकर सवाल उठाते थे, अब जब पानी सुचारु करने के लिए कदम उठा रही हूं, तब भी सवाल उठा रहे हैं। दौरा कर मैंने कुछ गलत नहीं किया है।