शिमला में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर 65 चालान, दो बसें जब्त
राजधानी शिमला में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले बस ऑपरेटरों के खिलाफ परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। परिवहन विभाग ने 65 वाहनों के चालान किए हैं। निरीक्षण के दौरान नियमों की अनदेखी पर 2 बसें जब्त भी की हैं।
बसों में ओवरलोडिंग को लेकर भी परिवहन विभाग ने कार्रवाई की। गुरुवार को एआरटीओ शिमला प्रताप चंद शर्मा की अगुवाई में वरिष्ठ अधीक्षक मेहर सिंह मेहता और पवन ठाकुर की टीम ने छोटा शिमला तथा नवबहार के बीच नाका लगाकर बसों का निरीक्षण किया।
इस दौरान बिना फिटनेस और स्पेशल रोड टैक्स चुकाए चलाई जा रही एक बस को जब्त किया गया। इसके अलावा एक अन्य बस जिसकी पासिंग 3 जुलाई को खत्म हो चुकी थी उसे भी जब्त किया गया।
बिना फिटनेस यात्रियों की जान को खतरे में डाल कर प्राइवेट आपरेटर इन बसों का संचालन कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान कुछ बसों के ड्राइवर कंडक्टर वर्दी और बैज में नहीं मिले। इसके अलावा जिन कंडक्टरों ने सवारियों को टिकटें नहीं दी थी उनके भी चालान किए गए।
दो बसें की जब्त : आरटीओ
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी भूपेंद्र कुमार अत्री ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए परिवहन विभाग की ‘नो टॉलरेंस’ की नीति है। बिना फिटनेस जो भी गाड़ी मिल रही है उसे तुरंत जब्त किया जा रहा है। बसों में ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई शुरू होते ही बस आपरेटरों में मचा हड़कंप
ट्रैफिक मैजिस्ट्रेट और परिवहन विभाग की टीम के सड़क पर उतरने के बाद प्राइवेट बस आपरेटरों में हड़कंप मच गया। बस ऑपरेटरों ने तुरंत एक दूसरों को मेसेज कर सतर्क कर दिया। कई ऑपरेटरों ने तो रूट मिसकर अपनी बसें बाईपास सड़क पर खड़ी कर दीं। बिना वर्दी ड्राइवर और कंडक्टरों ने अफरातफरी में वर्दी का इंतजाम किया।