प्रकाश पर्व: गुरुद्वारों में कीर्तन से निहाल हुई संगत, राज्यपाल-सीएम ने भी नवाया शीश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्री गुरुनानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर मंगलवार को शहर के सभी गुरुद्वारों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुरु सिंघ सभा की ओर से भव्य कार्यक्रम गुरुद्वारा साहिब शिमला में करवाया गया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सुबह 11 बजे गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। उन्होंने गुरुग्रंथ साहिब की हजूरी में शीश नवाया और संगत में बैठकर कीर्तन किया। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा के प्रधान जसविंद्र सिंह ने सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त अमित कश्यप और संगठन सचिव पवन राणा को भी सम्मानित किया। राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय ने भी गुरुद्वारा में आकर शीश नवाया।
नानक के रंग में रंगा पूरा शहर
नानक के रंग में मंगलवार को पूरा शहर रंगा रहा। गुरुद्वारे में सबसे पहले सुबह पौने पांच बजे गुरु ग्रंथ साहिब जी का पाठ हुआ। इसके बाद छह बजे 48 घंटों तक चले गुरु ग्रंथ साहिब का अखंड पाठ पूरा हुआ। हजूरी रागी जत्था श्री गुरु सिंघ सभा सुखजिंदर सिंह ने असा की वार कीर्तन किया। मुख्यग्रंथी भाई साहब हरजीत सिंह ने गुरुनानक देव जी के जीवन पर विचार व्यक्त किए। अवतार सिंह ने भी कीर्तन और गुरबाणी से संगत को निहाल किया।
गुरुद्वारा साहिब में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह, शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह, नगर निगम की महापौर कुसुम सदरेट, उपमहापौर राकेश शर्मा और पार्षद के अलावा शाम तक भारी संख्या में संगत पहुंचती रही। गुरुद्वारा में आए लोगों को गुरु का अटूट लंगर भी बांटा गया। इस अवसर पर गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष जसविंद्र सिंह, उपाध्यक्ष हरजीत सिंह, राजेंद्र सिंह, जसविंदर सिंह, महासचिव सेवा सिंह, सचिव सुरेंद्र पाल सिंह, कमलवीर सिंह, कैशियर सरदार गुरशरण सिंह, मीत कैशियर और बलवीर सिंह मौजूद रहे।
गुरु नानक देव के बताए रास्ते पर चलें : सीएम
मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय समारोह में शब्द कीर्तन के बाद संगत को संबोधित किया। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि गुरुनानक देव जी के अनुसार ईश्वर सर्वव्यापी, निराकार, शाश्वत और अलौकिक है। इनके नजरों में सब समान हैं।
इसे हमें भूलना नहीं चाहिए। गुरु नानक देव जी द्वारा लिखी गुरबाणी में भी विश्व भाईचारे का संदेश दिया है। इस अवसर पर उन्होंने प्रबंधक समिति द्वारा भेंट की गई एंबुलेंस की चाबी भी चालक को सौंपी। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान द्वारा उन्हें सिरोपा भेंट किया।
गुरुनानक के प्रयास सराहनीय : बंडारू
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि देश और धर्म को बचाने के लिए गुरुनानक देव के प्रयास सराहनीय हैं। इस कारण आज भी उनकी मान्यता है। लोगों को गरीबी अमीरी से ऊपर उठकर गुरुनानक देव जी के बताए मानवता के रास्ते पर चलना चाहिए।
सीएम ने एंबुलेंस चालक को चाबी देकर कहा, ईमानदारी से करो काम
डीडीयू अस्पताल (रिपन) में मंगलवार को गुरुनानक देव महाराज के 550वें प्रकाश पर्व पर मुफ्त एंबुलेंस सुविधा शुरू हो गई। सुबह ग्यारह बजकर 40 मिनट पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एंबुलेंस चालक को चाबी सौंपी। मुख्यमंत्री ने गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व पर शुरू की इस सुविधा पर पाराचिनार सभा को बधाई दी। कहा कि इससे बेहतर कार्य नहीं हो सकता। उन्होंने एंबुलेंस चालक को गाड़ी की चाबी सौंपी और कहा कि ईमानदारी से काम करो।
पाराचिनार सभा द्वारा यह एंबुलेंस उपलब्ध करवाई है। गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व के पहले दिन इस एंबुलेंस से तीन मरीजों को सेवा मुहैया करवाई। इनमें से एक मरीज को रिपन से आईजीएमसी रेफर किया था जबकि एक मरीज को न्यू शिमला और आईजीएमसी सड़क के साथ लगते घर तक छोड़ा। पाराचिनार सभा के अध्यक्ष परमजीत सिंह ने यह जानकारी दी। अध्यक्ष ने बताया कि यह एंबुलेंस सेवा हर समय मरीजों को मुफ्त घर और अस्पताल पहुंचाएगी।
शिविर में 32 यूनिट खून हुआ एकत्र
गुरुद्वारा साहिब में गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व पर रक्तदान शिविर भी लगाया गया। शिविर में 32 यूनिट खून एकत्र हुआ। शिविर में डीडीयू ब्लड बैंक की इंचार्ज डॉ. गंगा शर्मा, इंद्रा मेहता, दीपिका सिंह, नरवीर सिंह और सुंदर ने सहयोग किया।