खराब मौसम के बीच चूड़धार में फंसे चार ट्रैकर, एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समुद्र तल से 11962 फुट की ऊंचाई स्थित चूड़धार तीर्थ स्थल की ट्रैकिंग पर निकले शिमला के चार ट्रैकरों में एक की मौत हो गई है। जबकि तीन अन्य अस्वस्थ बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सूचना मिलते ही चूड़धार के लिए रेस्क्यू टीम भेज दी है। अस्वस्थ चल रहे तीनों ट्रैक्टरों को रेस्क्यू कर नौहराधार लाया जा रहा है। एसपी सिरमौर सौम्या सांबशिवन ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक युवक सोलन निवासी धमेंद्र बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार शिमला के चौड़ा मैदान में स्थित एक निजी होटल के सात कर्मचारी कुछ दिन पहले चूड़धार की ट्रैकिंग पर निकले थे। चूड़धार पर स्थित चूड़ेश्वर महादेव के दर्शन की लालसा लेकर गए ट्रैकर मौसम खराब होने के कारण आगे नहीं बढ़ पाए। इनमें से तीन कर्मचारी वापस शिमला लौट गए।
जबकि चार ने आगे जाने की ठान ली। 5 अप्रैल को 4 कर्मचारी चूड़धार चोटी के लिए रवाना हुए। वीरवार को मौसम खराब होने के कारण कर्मचारी चोटी पर नहीं चढ़ पाए। लेकिन, दो होटल कर्मियों ने शिवलिंग तक जाने का मन बना लिया। बताया जा रहा है कि दीपक नाम का व्यक्ति बर्फ पर फिसलकर घायल हो गया है, जबकि धमेंद्र की मौत हो गई है।
एसपी सौम्या सांबशिवन ने बताया कि आज सुबह होटल के एचआर प्रबंधक ने उन्हें दूरभाष पर उनके कर्मचारी चूड़धार में फंसने की सूचना दी थी। जिसके बाद उन्होंने नौहराधार पुलिस की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके के लिए भेज दी। एसपी ने बताया कि धर्मेंद्र की मौत हुई है। जबकि अन्य तीनों युवकों को वापस लाया जा रहा है।
23 घंटे रेस्क्यू के बाद निकाले तीनों छात्रों की सेहत में सुधार
कसोल-रशोल-मलाणा ट्रैकिंग रूट पर 23 घंटे तक रेस्क्यू के बाद निकाले गए घायल तीनों नेपाली छात्रों का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। तीनों छात्र सुरक्षित हैं। ठंड से दो छात्रों की मौत के बाद उनके शवों को शवगृह कुल्लू में रखा गया है। पुलिस ने घटना की सूचना नेपाल दूतावास और छात्रों के परिजनों को दे दी है। ट्रॉमा सेंटर में उपचाराधीन तीन छात्रों की हालात में काफी सुधार है।
शुक्रवार सुबह उन्होंने परिजनों से फोन पर बात की। जब उन्हें दो साथियों के खोने का पता चला तो उनकी आंखें नम हो गईं। मृतकों की पहचान विपरो (20) पुत्र विनय राजपोखरेल निवासी काठमांडू-7, जिला चावाहिल काठमांडू तथा संतोष (20) पुत्र नर बहादुर आयर निवासी महेंद्रनगर-7, भीमदत्त नगर जिला महाकाली नेपाल के रूप में हुई है।
ये दिल्ली में एक निजी संस्थान में सीए की पढ़ाई कर रहे थे। घायलों में नितिश प्रधान (20) पुत्र नंदलाल प्रधान निवासी भरतपुर-9, चितावन नेपाल, विकास कंडेल (20) पुत्र सालीगराम कंडेल निवासी बडोल-6, जिला रुपदेही नेपाल दोनों दिल्ली में सीए की पढ़ाई कर रहे हैं। अर्जुन मिश्रा (24) पुत्र धर्मानंद मिश्रा निवासी भोरीचुन-9, दारचूला नेपाल दिल्ली में आईटी की पढ़ाई कर रहा है।
दो साल से मलाणा आ रहा अर्जुन
अर्जुन पिछले दो साल से मलाणा आ रहा था। वही पूरे दल का मुखिया था। इसकी अगुवाई में नेपाली छात्र दिल्ली से मणिकर्ण घाटी के सैर-सपाटे पर आए थे। एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा कि हादसे में दो छात्रों की मौत हुई है। शनिवार को उनके परिजन नेपाल से कुल्लू पहुंचेंगे। उनकी देखरेख में ही पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।