{"_id":"5c58745ebdec22738e36ac40","slug":"181549300830-shimla-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"शहर के लोगों पर भारी पड़ रही लोनिवि की लापरवाही","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शहर के लोगों पर भारी पड़ रही लोनिवि की लापरवाही
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
शिमला। शहर में लोक निर्माण विभाग की लापरवाही जनता पर भारी पड़ रही है। सर्कुलर रोड को चौड़ा करने और पैदल चलने वाले लोगों के लिए सबवे बनाने जैसे कई प्रोजेक्ट विभाग की अनदेखी से लटक गए हैं। हालत यह है कि नगर निगम महापौर कुसुम सदरेट के कहने के बावजूद महकमा काम करने को तैयार नहीं। निगम प्रशासन के अनुसार सर्कुलर रोड पर विक्ट्री टनल से कैथू जाने वाली सड़क काफी तंग है। आए दिन जाम लगता है। यहां सड़क को चौड़ा करने की संभावना है क्याेंकि साथ लगती जमीन लोक निर्माण विभाग के अधीन है। यदि विभाग इस जमीन का इस्तेमाल करे तो न सिर्फ रोड चौड़ा हो जाएगा बल्कि निगम यहां सबवे बनाकर पैदल चलने वालों को भी सुविधा देगा। लोनिवि को कहा जा चुका है, लेकिन विभाग निशानदेही करवाने को तैयार नहीं। आरोप यह भी लग रहे हैं कि विभाग के कुछ अधिकारी साथ लगते होटलों को फायदा पहुंचाने के लिए निशानदेही से बच रहे हैं। बहरहाल जो भी हो, लोनिवि की मनमानी स्कूली बच्चों समेत आम जनता पर भारी पड़ रही है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता प्रदीप भारद्वाज ने कहा कि हमारे अधीन सिर्फ सर्कुलर रोड है। कहा कि जो जगह लोनिवि की बताई जा रही है, उसकी डिमार्केशन के लिए कह दिया है। इसकी रिपोर्ट के बाद ही कुछ कह पाएंगे। नगर निगम की मेयर कुसुम सदरेट ने कहा कि लोनिवि को कई बार कह चुके हैं लेकिन अभी तक डिमार्केशन नहीं हो पा रही। पैदल चलने वालों के लिए निगम की सबवे बनाने की योजना है। इससे लोगों और स्कूली बच्चों को ट्रैफिक के बीच सड़क पार नहीं करनी पड़ेगी।