ओवरलोडिंग पर हंगामा, लोग-बोले पहले खाली बस लाओ तभी उतरेंगे
शहर में ओवरलोडिंग बस से लोगों को उतारने पर जमकर हंगामा हुआ। लोगों ने कहा कि उन्हें ओवरलोड बसों में सफर करने का कोई शौक नहीं है। सरकार अतिरिक्त बसेें चलाए तो कौन भीड़ में धक्के खाएगा। शनिवार को बसों में ओवरलोडिंग का निरीक्षण करने पहुंची परिवहन विभाग की टीम को बसों में सवार यात्रियों ने यही दो टूक जवाब दिया। यात्रियों से बाहर उतरने का आग्रह किया तो लोगों ने कहा, पहले बस लेकर आओ तभी उतरेंगे। शनिवार सुबह 103 में ओवरलोड बस के निरीक्षण के दौरान यह वाक्या पेश आया।
झंझीड़ी से ओल्ड बस स्टैंड जा रही एचआरटीसी की ओवरलोड बस को परिवहन विभाग की टीम ने खलीनी के पास रोका। बस का ओवरलोडिंग का चालान काटा गया और लॉग बुक जब्त कर ली। चालान के बाद जब बस खलीनी से ओल्ड बस स्टैंड की ओर रवाना हुई तो कंडक्टर और ड्राइवर आपस में बात करते हुए बोले, ..गाड़ी न रोको तो शिकायत करने वालों के फोन बज जाते हैं, सवारियां चढ़ाओ तो ओवरलोडिंग के चालान।
परिवहन विभाग के इंस्पेक्टर दीवान ठाकुर और तपेश शर्मा ने शनिवार को ओल्ड बस स्टैंड, टालैंड, खलीनी, विकासनगर, संजौली तथा लक्कड़ बाजार में 46 बसों का निरीक्षण किया। इस दौरान 30 बसों के चालान कर 12,900 रुपये जुर्माना वसूला। बसों में भारी ओवरलोडिंग करने पर 5 एचआरटीसी और 5 प्राइवेट बसों के चालान किए गए। आरटीओ फ्लाइंग हेमिस नेगी ने बताया कि ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।
वीकेंड पर भी एक टैक्सी चला रहा निगम
जाखू रूट पर चलने वाली एचआरटीसी टैक्सी में भारी ओवरलोडिंग के कारण स्थानीय लोगों और सैलानियों की परेशानी खत्म होने का नाम नहीं ले रही। समर टूरिस्ट सीजन के चलते वीकेंड पर भारी संख्या में सैलानी जाखू मंदिर जाने के लिए रिट्ज के पास एचआरटीसी टैक्सी लेने पहुंचते हैं। शनिवार को भी दिनभर रिट्ज से जाखू जाने के लिए सैलानियों की भीड़ लगी रही लेकिन सिर्फ एक टैक्सी का संचालन होने के कारण स्थानीय लोगाें और सैलानियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।