राजधानी शिमला में जाम छलकाना हुआ महंगा, शुल्क में पांच गुणा बढ़ोतरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में शराब महंगी हो जाएगी। शराब बिक्री पर लगने वाले शुल्क में पांच गुणा बढ़ोतरी होगी। नगर निगम की ओर से लगाए जाने वाले इस शुल्क में बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है।
इससे शहर में शराब महंगी हो जाएगी। बुधवार को महापौर कार्यालय में हुई नगर निगम की वित्त संविदा एवं योजना समिति (एफसीपीसी) की बैठक में इस प्रस्ताव को पारित कर दिया गया। इसके अनुसार नगर निगम अब शहर में प्रति बोतल बिक्री पर दो की जगह दस रुपये शराब शुल्क वसूलेगा।
इस प्रस्ताव पर अब नगर निगम की मासिक बैठक में अंतिम फैसला लिया जाएगा। साल 2012 से लेकर अब तक शराब शुल्क में इजाफा नहीं हुआ है। इसके चलते इस प्रस्ताव का विरोध होने के कम ही आसार है।
शुल्क बढ़ने से निगम की आय 60 लाख से बढ़कर तीन करोड़ रुपये पहुंच जाएगी। मेयर कुसुम सदरेट की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिफ्ट के पास बन रही पार्किंग को भी 31 मार्च तक एक्सटेंशन दी गई है। अगले तीन माह में पार्किंग का काम पूरा करना होगा।
सदन लेगा प्रॉपर्टी टैक्स पर फैसला, मेयर बोलीं- बढ़कर रहेगा टैक्स
शहर में प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ाने के प्रस्ताव को समिति की मंजूरी नहीं मिल पाई। समिति सदस्यों ने टैक्स को दोगुना करने के प्रस्ताव का विरोध किया। कहा कि इससे शहरवासियों पर आर्थिक बोझ काफी बढ़ जाएगा। कहा कि निगम ने अभी जो प्रस्ताव तैयार किया है उसमें टैक्स में भारी बढ़ोतरी की जा रही है।
पार्षदों के विरोध के चलते प्रस्ताव पर फैसला नहीं हुआ। इस पर अंतिम फैसला अब नगर निगम की मासिक बैठक में होगा। यदि सभी पार्षद टैक्स बढ़ाने को राजी होते हैं तो इस प्रस्ताव को लागू कर दिया जाएगा।
उधर, मेयर कुसुम सदरेट का कहना है कि टैक्स दोगुना करने पर सबने विरोध किया है, लेकिन क्योंकि कई साल से प्रॉपर्टी टैक्स नहीं बढ़ा है, ऐसे में हर हाल में कुछ फीसदी तक टैक्स बढ़ोतरी की जाएगी। सदन में चर्चा करेंगे कि आखिर कितना फीसदी टैक्स बढ़ा सकते हैं ताकि जनता पर ज्यादा बोझ न पड़े।
इन प्रस्तावों पर भी हुई चर्चा
जेई, एसडीओ को मोबाइल भत्ता देने को मंजूरी नहीं, सदन लेगा फैसला
99 साल बाद जमीन की लीज रिन्यू करने के प्रस्ताव पर भी फैसला नहीं
शिवनगर मैहली की पार्किंग पर भी टला फैसला, मासिक बैठक में होगी चर्चा
लक्कड़ बाजार में दुकान की लीज ट्रांसफर करने के प्रस्ताव को मंजूरी नहीं