Shimla: दिवाली में शहर की सुरक्षा में तैनात होंगे 120 जवान, अधिकारी
दिवाली पर आग की घटनाओं से शिमला शहर को बचाने के लिए अग्निशमन विभाग तैयारियों में जुट गया है। कर्मचारियों की छुट्टियों पर दिवाली तक रोक लगा दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिवाली पर आग की घटनाओं से शिमला शहर को बचाने के लिए अग्निशमन विभाग तैयारियों में जुट गया है। कर्मचारियों की छुट्टियों पर दिवाली तक रोक लगा दी है। शहर के फायर हाइड्रेंट ठीक हैं या नहीं इसके जांच करने के निर्देश भी अधिकारियों ने दे दिए हैं। नगर निगम के सहयोग से हाइड्रेंट लाइन और इसके प्वाइंट की चेकिंग तथा मरम्मत की जा रही है। दिवाली पर तीन दिन के लिए शहर के तीनों फायर स्टेशनों को तीस अतिरिक्त जवान मिलेंगे। यह जवान तीनों स्टेशन में पहले से तैनात 90 जवानों के साथ ड्यूटी देंगे। शहर में लगने वाले पटाखा बाजार में अग्निशामक वाहनों तैनात रहेंगे।
निरीक्षण के बाद मिलेगी हाइड्रेंट रिपोर्ट
मंडलीय अग्निशमन अधिकारी महेश शर्मा ने बताया कि दिवाली से पूर्व सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। हाइड्रेंट लाइन की विस्तृत रिपोर्ट इंस्पेक्शन के बाद मिलेगी। कहा कि दिवाली से तीन दिन पूर्व अतिरिक्त जवान तीनों स्टेशन को मिलेंगे।
कहां कितने कर्मचारी तैनात
शहर के तिलक नगर (बालुगंज) फायर स्टेशन में मौजूदा समय में एक स्टेशन फायर ऑफिसर देवेंद्र दत्त के अलावा 4 अग्रसर प्रशामक, 15 प्रशामक, सात चालक और तीन होम गार्ड को मिलाकर तीस जवान तैनात हैं। यहां पांच वाहन उपलब्ध हैं। मालरोड फायर स्टेशन में एक फायर आफिसर मनसा राम पंवर, सब फायर आफिसर गोपाल, दस चालक, चार अग्रसर प्रशामक और 17 प्रशामक के अलावा सात होम गार्ड तैनात हैं। छोटा शिमला फायर स्टेशन अधिकारी भगत राम ने बताया कि उनके पास तीन अग्रसर प्रशामक, छह चालक, 16 जवान और तीन गृह रक्षक उपलब्ध हैं।
राजधानी के बाजारों में पटाखे बेचने और फोड़ने पर प्रतिबंध
डीसी आदित्य नेगी ने दिवाली पर नगर निगम शिमला के तहत आने वाले सभी बाजारों में पटाखा बिक्री और पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है। आदेशों के मुताबिक कारोबारी सिर्फ चिह्नित स्थानों पर ही पटाखे बेच सकेंगे। आइस स्केटिंग रिंक, बालुगंज मैदान नजदीक गोपाल मंदिर, संजौली में लोक निर्माण विभाग की पार्किंग, खलीनी बाईपास, एचपीयू खेल मैदान, छोटा शिमला कसुम्पटी सड़क किनारे, चमियाणा पंचायत में भट्ठाकुफर खेल मैदान, मशोबरा में सहकारी समिति मैदान, विकास नगर में पुलिस चौकी के पास, प्राथमिक पाठशाला शोघी मैदान, कसुम्पटी में रानी मैदान, विजय नगर में नालागढ़ सड़क से सटे मैदान में पटाखे बेच सकेंगे। पुलिस और अग्निशमन विभाग चिह्नित स्थानों पर आग बुझाने को रेत, पानी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। उन्होंने अग्निशमन विभाग को दिवाली के लिए पहले से सभी तैयारियां करने के आदेश दिए हैं।