मिड डे मील खाने से 12 छात्र बीमार, अस्पताल में भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के सिरमौर में मिड डे मील में बना खाना खाने से एक स्कूल के 12 छात्र छात्राएं बीमार पड़ गए हैं। इन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। रेणुका विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज भराड़ी मिडल स्कूल में पढ़ने वाले इन बच्चों की हालत बिगड़ गई है।
इनमें सात छात्राएं जबकि पांच छात्र शामिल हैं। बच्चों की हालत बिगड़ने से शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में बीमार बच्चों को 108 एंबुलेंस से नौहराधार पीएचसी पहुंचाकर दाखिल कराया गया है। बच्चों की हालत का पता चलते ही परिजनों के भी हाथ-पांव फूल गए हैं।
बताया जा रहा है कि स्कूल प्रशासन ने तत्काल अन्य बच्चों को खाना नहीं परोसने दिया। इसी बीच समीप के एक निजी चिकित्सक से दवाएं लेकर बच्चों को खिलाई गईं।
विभाग ने तलब की रिपोर्ट
इससे बच्चों को कुछ आराम तो मिला लेकिन चार बजे के करीब एक दर्जन बच्चों की हालत ज्यादा बिगड़ गई। यह सभी छठी से आठवीं तक के बच्चे हैं। स्कूल से करीब 20 किमी दूर नौहराधार पीएचसी में सभी बीमार बच्चों को भर्ती कराया गया है।
उधर, उच्च शिक्षा उप निदेशक रमेश चंद चौहान ने कहा कि उन्होंने स्कूल इंचार्ज सतपाल से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। भोजन परोसने से पहले उसको टेस्ट क्यों नहीं किया गया, इसकी जांच की जाएगी।
अस्पताल में दाखिल बच्चे
रंजना (13), निशा (11), शीतल (12), इच्छा (12), गौरव (12), अक्षय (14), सौरव (12), मनीषा (11), रवीना (12), मनीषा (12), विशाल (11), दीपक (11)। सभी बच्चे भराड़ी पंचायत के बेगड़ा चोकण, चोडग व भराड़ी के हैं।
दो दर्जन बच्चों को परोसा था खाना
स्कूल के एसएमसी प्रधान जोगेंद्र सिंह ने बताया कि भराड़ी मिडल स्कूल में 100 से अधिक बच्चे पढ़ते हैं। सोमवार को मिड डे मिल भोजन में चावल और काबुली चने बनाए गए थे। दोपहर को पहली शिफ्ट में दो दर्जन बच्चों ने जैसे ही भोजन का सेवन किया, वैसे ही उन्हें उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी।
नौहराधार पीएचसी में डॉक्टर नहीं
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौहराधार का एकमात्र डॉक्टर पंकज पीजी करने के लिए बाहर गए हैं। अस्पताल सुपरवाइजर ने बच्चों को ड्रिप चढ़ाकर उन्हें दवाइयां दीं। सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि पीएचसी नौहराधार के लिए तत्काल डॉ. तनुज, एक सुपरवाइजर, दो हेल्थ वर्कर और दो आशा वर्करों को भेज दिया गया है। सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।