अलग-अलग हादसों में 11 लोगों ने गंवाई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऊना जिले के भदसाली में वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया है। जहां चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का उपचार जारी है। मृतक की पहचान 23 वर्षीय बलविंद्र निवासी भदसाली के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात भदसाली के समीप बलविंद्र और रमन बाइक पर सवार होकर अपने निजी कार्य से जा रहे थे कि अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। जिससे बाइक सवार दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बलविंद्र को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बलविंद्र के शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। रमन का उपचार ऊना अस्पताल में जारी है। चौकी इंचार्ज ज्ञान चंद ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खाई में लुढ़की पिकअप, चालक की मौत
चुवाड़ी (चंबा)। चुवाड़ी के भुगर नामक स्थान पर एक पिकअप हादसे में चालक की मौत हो गई। जबकि दूसरा सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब वाहन चालक रमेश कुमार पुत्र धीमा राम गांव धरमेणी पिकअप गाड़ी नंबर एचपी 73-1140 को लेकर जा रहा था। फौजू राम पुत्र बेरू गांव छवालू तहसील भटियात भी वाहन में सवार था। लेकिन जब यह वाहन भुगर नामक स्थान पर पहुंचा तो पिकअप साथ लगती गहरी खाई में लुढ़क गई।
पिकअप चालक की तो मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में फौजू राम को गंभीर चोटें आई हैं। जिसका उपचार स्थानीय चिकित्सालय में चल रहा है। पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच में पाया कि यह हादसा चालक की लारपवाही और तेजरफ्तारी की वजह से हुआ है। ऐसे में वाहन चालक पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इसकी पुष्टि करते हुए डीएसपी चंबा वीर बहादुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बस से टकराई कार, चालक ने दम तोड़ा
कुल्लू। विश्व-विख्यात पर्यटन नगरी मनाली के प्रवेशद्वार भुंतर में एक कार बस से टकरा गई। हादसा इतना खतरनाक था कि कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद इसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार सुबह हाथीथान निवासी अजय (35) अपनी टैक्सी नंबर वाली कार लेकर भुंतर एयरपोर्ट की ओर जा रहा था।
ऐसे में नेशनल हाइवे पर सड़क किनारे खड़ी बस से कार टकरा गई। कार के टकराने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने राहत एवं बचाव के लिए हाथ बढ़ाया। चालक के जिंदा होने की आस में लोगों के सहयोग से पुलिस उसे अस्पताल ले गई लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कुछ अरसा पहले अजय राफ्टिंग का काम करता था।
वहां, एक हादसा होने के बाद परिजनों ने घर के इकलौते चिराग अजय को राफ्टिंग का खतरनाक काम छोड़ टैक्सी चलाकर रोजी रोटी कमाने की सलाह दी। लेकिन, यहां भी होनी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। बहरहाल एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि हादसे की छानबीन की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान कलमबंद किए जा रहे हैं। कार की मेकेनिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि हादसे के असली कारणों तक पहुंचा जाए।
दो सड़क हादसों में दो की मौत, पांच घायल
बद्दी (सोलन)। बीबीएन में दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हो गए है। दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया है। पहली घटना नालागढ़-राजपुरा मार्ग पर हुई। राजपुरा में किराये के मकान में रहने वाले उत्तर प्रदेश के जिला बिजनौर के गांव गजरोला निवासी सोनू (20) अपने साथी जिशान के साथ दिवाली का सामान लेकर नालागढ़ से वापस आ रहा था। रास्ते में उसे एक अन्य युवक अशोक कुमार मिल गया।
उन्होंने उसे भी बाइक पर बैठा लिया। कुछ ही दूरी पर पीछे से एक कंटेनर से टक्कर के कारण सोनू बाइक से छिटक कर नीचे गिर गया। इस दौरान कंटेनर का टायर उसके ऊपर से घूम गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अशोक कुमार व जिशान बुरी तरह से घायल हो गया।
दोनों को नालागढ़ चिकित्सालय में भर्ती किया गया, लेकिन अशोक कुमार की हालत गंभीर होने पर पीजीआई रेफर कर दिया। कंटेनर चालक घटना के बाद मौके से भाग गया। डीएसपी खजाना राम ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को सीज कर लिया है तथा चालक की तलाश जारी है।
बाइक-साइकिल की टक्कर, एक की मौत
दूसरी घटना झाड़माजरी में हुई। बुधवार देर सायं साढ़े सात बजे मध्य प्रदेश के जिला छतरपुर के किरबा गांव का संजू (15) पुत्र रामप्यारा अपने साथी सागर व रामबाबू के साथ बाइक पर शिवालिक नगर जा रहा था। झाड़माजरी में दूसरी ओर से आ रहे एक साइकिल सवार कृष्णा पांडे से टकरा गया जिससे बाइक व साइकिल सवार सड़क पर गिर गये। इसमें बाइक चालक संजू के सिर में चोट लगने से वह बेहोश हो गया। जबकि सागर व रामबाबू को चोटें आई। संजू को बेहोशी की हालत में बद्दी सीएचसी लाया गया जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं साइकिल सवार कृष्णा पांडे के गंभीर हालत में बरोटीवाला पुलिस काठा चिकित्सालय ले गई। उसकी हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। सागर व रामबाबू झाड़माजरी के निजी चिकित्सालय में उपचाराधीन है। एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम के बाद शव उसके पिता को सौंप दिया है। जबकि दो घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पुलिस युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बाइक की चपेट में आने से सिक्योरिटी गार्ड की मौत
नालागढ़ (सोलन)। बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर निचला खेड़ा गांव के पास सड़क पार करते हुए एक व्यक्ति बाइक की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक व्यक्ति साई का रहने वाला था तथा किरपाल पुर में एक एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड कार्य करता था।
यह घटना बुधवार देर शाम की है। नालागढ़ की एक्साईज कॉलोनी में रहने वाले अंकित शर्मा साथी अभिषेक चंदेल के साथ बद्दी की ओर आ रहा था। जैसे ही वह किरपाल पुर पहुंचे तो सड़क पार करते हुए साई निवासी संत राम (57) से टकरा गए। संतराम को टक्कर मारने के बाद वह पिकअप से टकराए।
इस दौरान टक्कर लगते ही संतराम बुरी तरह से घायल हो गया। वहीं अभिषेक व अंकित शर्मा भी लहूलुहान हो गए। इसमें से एक को पिकअप चालक ने नालागढ़ के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया जबकि अंकित शर्मा व संत राम को नालागढ़ चिकित्सालय पहुंचाया।
जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद अंकित शर्मा व संतराम को पीजीआई रेफर कर दिया गया, लेकिन संतराम शर्मा ने पीजीआई में दम तोड़ दिया। एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि यह हादसा बाइक चालक अंकित शर्मा की तेज रफ्तारी व लापरवाही से हुआ है। पुलसि ने अंकित के खिलाफ धारा 279 व 304 ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
खड़े ट्राले से कार की टक्कर में एक की मौत
दाड़लाघाट (सोलन)। स्यार के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खडे़ ट्राले में टक्कर मार दी। इसमें कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय नरेश कुमार पुत्र लेख राम गांव डमलाणा घाटी डाकघर हनुमान बड़ोग (सोलन) दिवाली की रात करीब डेढ़ बजे अपने घर जा रहा था।
नींद की झपकी लगने व कार की तेज रफ्तार से उसने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया जिस कारण गाड़ी की सड़क किनारे ट्राले से टक्कर हो गई। इस कारण कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। डीएसीपी दाड़ला नरवीर सिंह राठौर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मौत का कारण नींद की झपकी व तेज रफ्तार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
संदिग्ध परिस्थितियों से मृत मिला 27 वर्षीय युवक
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा निवासी 27 वर्षीय युवक संदिग्ध हालत में मृत मिला है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की बिसरा रिपोर्ट जांच के लिए भेज दी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों खुलासा हो पाएगा। जानकारी के अनुसार पांवटा मुख्य बाजार निवासी युवक सुतांशु ( 27) पुत्र राकेश कुमार मित्तल अपने घर से कुछ दूरी पर मृत पड़ा मिला। युवक के मकान से कुछ दूरी पर पुराने खंडहर मकान में टायलेट-बाथरूम है।
बुधवार को इसी स्थल के पास युवक को पड़े देखा गया। एक दिन पहले ही युवक घर से निकला था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी पांवटा लायक राम सिसौदिया ने कहा कि शुरुआती पूछताछ में जांच टीम को पता चला है कि युवक को दौरे पड़ते थे और कुछ समय से युवक नशा भी करने लगा था। उधर, डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने कहा कि बिसरा जांच के लिए भेज दिया गया है। बिसरा की रिपोर्ट मिलने पर मौत के कारण का पता चल सकेगा।
दिवाली की खुशियां, गम में बदलीं
चंबा। दीपावली के दिन अपने परिवार के साथ खरीददारी करने चंबा शहर पहुंचे एक व्यक्ति की बीच बाजार में अचानक मौत हो गई। हालांकि हड़बड़ी में उसके साथ मौजूद लोगों ने उसे क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा तो पहुंचाया, लेकिन वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत करार दे दिया। यह मामला वीरवार की दोहपर एक बजे का है। जबकि उक्त व्यक्ति हंसी खुशी अपने परिवार के साथ दीपावली का त्यौहार धूमधाम से मनाने के लिए खरीददारी कर रहा था।
लेकिन उसे क्या पता था कि उसका यह त्यौहार उसका अंतिम पर्व होगा। जो उसके परिवार वालों को कभी न भरने वाला जख्म दे जाएगा। दोपहर के एक बजे तक तो सब कुछ ठीक था। लेकिन अचानक व्यक्ति के सीने में दर्द उठना शुरू हुआ। जिससे व्यक्ति बेसुध हो गया। अस्पताल ले जाने पर पता चला कि उसकी जान जा चुकी है। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
व्यक्ति की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत:पंचरुखी (कांगड़ा)। निकटवर्ती गांव में एक व्यक्ति की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा है। जानकारी अनुसार अंद्रेटा निवासी मदन बुधवार रात 8:30 बजे अंद्रेटा से पंचरुखी की ओर अपने घर आ रहा था कि रास्ते में रहस्यमयी परिस्थितियों में घायल मिला। घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। ऐसी संभावना भी व्यक्त की जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन से टकरा कर व्यक्ति घायल हुआ हो।
बंद कमरे में महिला की संदिग्ध मौत
सोलन (कसौली)। कसौली के बड़लग में एक मकान के बंद कमरे में संदिग्ध हालत में एक महिला मृत पाई गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मीरा देवी उम्र 27 वर्ष पत्नी अशोक कुमार निवासी गांव बड़लग (कसौली) की है। बुधवार की रात महिला अपने कमरे में अंदर से दरवाजा बंद कर सो गई। उसके सास-ससुर दूसरे कमरे में थे जबकि उसका पति घर से बाहर किसी काम से गया था।
जब दूसरे दिन घर वालों ने दरवाजा खोलने की कोशिश और आवाज लगाई तो अंदर से कोई भी जवाब न मिलने पर इसकी सूचना उन्होंने महिला के पति को दी। जब वह घर पहुंचा तो उसने पहले अपनी पत्नी को आवाज दी, लेकिन जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो वह दरवाजा तोड़ दिया। इस दौरान महिला कमरे में बेहोश हालत में थी।
इस दौरान उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृतक घोषित कर दिया गया। कसौली थाना के एसएचओ कल्याण सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अभी तक मौत के कारणों का कोई पता नहीं चला है। पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का पता चल पाएगा।