30 जून तक प्रापर्टी टैक्स दिया तो मिलेगी इतने फीसदी छूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
31 मई तक नगर निगम को प्रापर्टी टैक्स न चुकाने वाले लोगों को 30 जून तक 10 फीसदी छूट जारी रहेगी। नगर निगम हाउस में चर्चा के बाद निगम प्रशासन ने लोगों को 10 फीसदी छूट जारी रखने का फैसला लिया है। नगर निगम को शहर के करीब नौ हजार लोगों से बतौर प्रापर्टी टैक्स छह करोड़ रुपये वसूलने हैं।
हालांकि उपभोक्ताओं को देय राशि पर एक मई से एक फीसदी ब्याज चुकाना पड़ेगा। नगर निगम अभी तक शहर के करीब सोलह हजार लोगों को प्रापर्टी टैक्स के बिल जारी कर चुका है। रोजाना औसतन तीन सौ बिल जारी किए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं को बिल का भुगतान करने के लिए 15 दिन का समय दिया जाता है।
उधर टैक्स डिफाल्टरों के खिलाफ नगर निगम सख्त कार्रवाई का फैसला मई माह के हाउस में ले चुका है। एमसी एक्ट की धारा 121 में संशोधन कर डिफाल्टरों को एक मौका देने के बाद पानी का कनेक्शन काटने का प्रावधान किया गया है। शहर के करीब 1500 डिफाल्टरों से नगर निगम को ढाई करोड़ से अधिक टैक्स और फीस की वसूली करनी है।
एक महीने तक जारी रहेगी 10 फीसदी छूट
नगर निगम हाउस में हुई चर्चा के आधार पर प्रापर्टी टैक्स जमा करने वाले लोगों को आगामी एक महीने तक प्रापर्टी टैक्स में 10 फीसदी छूट जारी रहेगी, लेकिन लोगों को देय राशि पर एक मई से एक फीसदी ब्याज चुकाना होगा। - पंकज राय, आयुक्त, नगर निगम
जिन्हें बिल नहीं मिले उनके लिए बढ़ेगी जमा करने की तारीख
शहर के जिन लोगों को अभी तक प्रापर्टी टैक्स के बिल नहीं मिले हैं उन्हें जारी होने वाले बिलों में बिल जमा करने की तारीख आगे बढ़ाई जाएगी ताकि लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े।
शहर में अभी जारी रहेगी पानी की राशनिंग
कोटी, बरांडी और बीन परियोजना से पानी की सप्लाई शुरू होने के बावजूद शहर के लोगों को राशनिंग से फिलहाल छुटकारा नहीं मिलेगा। नगर निगम की शहर में पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने को लेकर गठित कमेटी करीब पंद्रह दिन तक पानी की सप्लाई की मानीटरिंग करेगी।
नियमित तौर पर 40 एमएलडी (चार करोड़ लीटर) से अधिक पानी मिलने की स्थिति में कमेटी राशनिंग खत्म करने को लेकर फैसला लेगी। अश्वनी खड्ड परियोजना से पानी की सप्लाई बंद होने के बाद से शहर में पानी की राशनिंग चल रही है। एक दिन छोड़ कर पानी दिया जा रहा है। पिछले दिनों लोगों को हफ्ते में सिर्फ एक ही दिन पानी मिल रहा था।
कोटी बरांडी और बीन परियोजना का पानी शहर पहुंचने के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि राशनिंग खत्म कर दी जाएगी। शहर में रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी मिलेगा। लेकिन अभी शहर के लोगों को रोजाना पानी की सप्लाई के लिए कुछ दिन और इंतजार करना होगा।
मानीटरिंग के बाद लेंगे फैसला
शहर को मिल रहे पानी की अभी कुछ दिन मानीटरिंग की जाएगी। शहर को यदि नियमित रूप से आवश्यकता के अनुसार पूरा पानी मिला तो राशनिंग खत्म करने को लेकर फैसला लिया जाएगा।
इन दिनों आईपीएच विभाग शहर को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध करवा रहा है। नगर निगम भी पूरे शहर में लोगों को पूरा पानी सप्लाई कर रहा है। -पंकज राय, आयुक्त नगर निगम
दोची के पास फिर फटी पाइप लाइन
शहर को पानी की सप्लाई करने वाली अश्वनी खड्ड परियोजना की पाइप लाइन मंगलवार शाम एकाएक फट गई। लीकेज के चलते अश्वनी खड्ड से कोटी, बरांडी और बीन परियोजना के पानी की पंपिंग बंद करनी पड़ी।
आईपीएच ने रात तीन बजे तक वेल्डिंग का काम किया जिसके बाद सुबह के समय दोबारा पंपिंग चालू हो सकी। इससे पहले आईपीएच ने नगर निगम के अधिकारियों की उपस्थिति में परियोजना की फ्लशिंग की ताकि शहर को साफ सुथरे पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जा सके।