Sextortion: सेक्सटॉर्शन में फंसा रहे नाबालिग, बचने के लिए यह बिल्कुल ना करें, जैसलमेर में गिरोह का खुलासा
Sextortion: 15 से 17 साल के बच्चों की युवकों से बात कराकर उन्हें सेक्सटॉर्शन में फंसाया जा रहा है। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि इस उम्र के बच्चों की आवाज पतली होती है, जिससे कॉल पर बात करते समय वह महिलाओं-लड़कियों जैसी लगती है।
विस्तार
Sextortion: राजस्थान पुलिस ने सेक्सटॉर्शन करने वाले गिरोह का खुलासा किया। यह गिरोह नाबालिगों की मदद से लोगों को सेक्सटॉर्शन में फंसाकर लाखों रुपये ऐंठता था। आरोपी योजना के तहत मैसेज, वीडियो कॉल और फिर न्यूज वीडियो बनाकर लोगों से रुपये ऐंठते थे। आईए अब जानते हैं कि ऐसा होने पर क्या करना चाहिए और क्या बिल्कुल नहीं...?
सबसे पहले यह केस समझिए
राजस्थान के जैसलमेर जिले के एसपी भंवर सिंह नाथावत ने बताया कि थाने में एक युवक ने केस दर्ज कराया था। अपनी शिकायत में उसने बताया कि 22 अगस्त को उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक मैसेज आया। वह नंबर रोहतक के रहने वाले कीर्ति आहूजा का था। एक दिन बाद उसी नंबर से अश्लील मैसेज आए और फिर वीडियो कॉल भी आया। इस दौरान उसका न्यूड वीडियो बना लिया गया और धमकी देकर रुपयों की मांग की गई। ऐसा नहीं करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। पीड़ित ने आरोपी के खाते में रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी एक-दो बार रुपयों की मांग की गई। आखिर में पीड़ित ने थाने जाकर केस दर्ज कराया।
अब जानिए पुलिस की कार्रवाई
मामले की जांच के लिए साइबर सेल और पुलिस की एक टीम बनाई गई। आरोपियों के मोबाइल और बैंक अकाउंट नंबरों की जानकारी निकाली गई। जिसके आधार पर हरियाणा, उत्तर प्रदेश, अलवर, जयपुर, सवाई माधोपुर और भरतपुर में आरोपियों की तलाश की। कई दिन की तलाश के बाद हरियाणा से आरोपी अंसार अहमद और एक नाबालिग को पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों का गैंग भरतपुर और हरियाणा के मेवात सहित अन्य इलाकों में एक्टिव है। वह 15 से 17 साल के बच्चों की युवकों से बात कराकर सेक्सटॉर्शन में फंसाते हैं। इसके बाद न्यूड वीडियो बनाकर उनसे लाखों रुपये ऐंठते हैं।
नाबालिगों का प्रयोग क्यों?
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इस उम्र के बच्चों की आवाज पतली होती है, जिससे कॉल पर बात करते समय वह महिलाओं-लड़कियों जैसी लगती है। जिससे लोग आसानी से उनके जाल में फंस जाते हैं। इसके बाद उनके न्यूड वीडियो बनाकर उनसे रुपये ऐंठे जाते हैं।
क्या गलती न करें?
सेक्सटॉर्शन का शिकार कोई भी हो सकता है, लेकिन सावधानी से इससे बचा जा सकता है। अंजान नंबर से आने वाले मैसेज या कॉल पर भरोसा ना करें। मैसेज या कॉल आने पर पता करें कि सामने वाला व्यक्ति कौन है। पहचान का व्यक्ति होने पर बात करें, नहीं तो इग्नोर करें या नंबर ब्लॉक भी कर सकते हैं। ऐसा कुछ नहीं करते हैं और अचानक से अश्लील मैसेज आने लगते है तो अलर्ट हो जाएं और नंबर तुरंत ब्लॉक कर दें। पुलिस से शिकायत भी करें।
सेक्सटॉर्शन का शिकार हो गए है तो क्या करें?
ऐसा होने पर डरे बिल्कुल नहीं, ऐसा करने वाले आपको धमकियां देंगे, लेकिन उनकी बातों का ध्यान नहीं दे और सबसे पहले पुलिस को शिकायत दें। अगर, डर के कारण पुलिस के पास नहीं गए और आरोपियों को रुपये दे दिए तो फिर उनके जाल में फंसना तय है। एक बार रुपये देने के बाद भी वह पीछा नहीं छोड़ेंगे। कई बार रुपयों की मांग कर सकते हैं। इस तरह से उनके जाल में फंसते चले जाएंगे। इसलिए ऐसा कुछ भी होने पर सीधे पुलिस के पास जाएं।