राजस्थान: पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का अभियान, शाम 7 बजे जलाए जाएंगे आशीर्वाद के दीये: मदन राठौड़ बोले
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर राजस्थान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में ‘आशीर्वाद का दीया’, स्कूल कार्यक्रम और विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित होंगी।
विस्तार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 सितंबर को जन्मदिवस प्रदेशभर में उत्साह, सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा और जनसेवा की यात्रा को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न सेवा कार्यों और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
मदन राठौड़ ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेशभर में कार्यकर्ता और आमजन अपने घरों, सार्वजनिक स्थलों और चौपालों पर शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की मंगलकामना करेंगे। बूथ समिति के सदस्य अपने-अपने बूथ क्षेत्र में लाभार्थियों के घर जाकर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करेंगे।
पढे़ं: सीएम भजनलाल के गृह जिले में मेयर की कुर्सी का खेल पलटा: भाजपा के सामने निर्दलीय की चुनौती, कांग्रेस कहां?
उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा को समर्पित इस अभियान में सहभागी बनने और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करने का आह्वान किया। राठौड़ ने कहा कि ‘संकल्प से सेवा और सेवा से सुशासन’ की इस यात्रा को आगे बढ़ाने में प्रत्येक कार्यकर्ता और नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
राठौड़ ने बताया कि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रदेश की सरकारी और निजी स्कूलों में प्रधानमंत्री मोदी के सेवा कार्यों और विकसित भारत की संकल्पना को लेकर जानकारी दी जाएगी। इस दौरान चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। संगठन की ओर से पंचायत से लेकर वार्ड स्तर तक कार्यकर्ता स्कूलों में पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का मिलन’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग’, ‘हैकाथॉन’ और ‘25 साल 25 कहानियां’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा का कहना है कि इन कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्रसेवा की यात्रा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी।