जेपी नड्डा का राहुल गांधी पर हमला, कहा- हर दिन ट्वीट कर गिरा रहे सेना का मनोबल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला किया है। जेपी नड्डा ने शनिवार को कहा कि आज जब देश भारत और चीन की सरहदों पर गलवां में लड़ाई लड़ रहा है तो हमारे नेता हर दिन ट्वीट कर सेना का मनोबल गिरा रहे हैं। अपनी बुद्धि का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उन नेताओं को कोई जानकारी नहीं है और उन्होंने देश के फौजियों का मनोबल कम करने का काम पकड़ा है। जो भाषा का इस्तेमाल वो करते हैं, मैं दुख के साथ कहता हूं कि इस तरह की भाषा से वो अपने परिवार के संस्कारों को दिखाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मैं पूरे अदब और संयम के साथ कहना चाहूंगा कि भारत की वो कांग्रेस, उस परंपरा की जानी गई कांग्रेस, उसके नेता, इस तरह की भाषा, प्रधानमंत्री के लिए इस तरीके के शब्द, आप पीएम मोदी की इज्जत क्या करोगे, आपने तो अपने प्रधानमंत्री की इज्जत नहीं की। उनके अध्यादेश को फाड़ डाला था।
#WATCH When we are fighting in #Galwan, a leader is damaging the morale of forces with his tweets and showing his limited intellect... Let alone respecting PM Modi, you didn't even respect your own PM and tore a copy of his ordinance: BJP president, JP Nadda pic.twitter.com/B6dltWRvep
— ANI (@ANI) June 20, 2020
गलवां घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए जे पी नड्डा ने कहा कि उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने 'छह दशक का काम छह साल में पूरा कर दिखाया है।'
नड्डा भाजपा की डिजिटल राजस्थान जनसंवाद रैली के जरिए जोधपुर और बीकानेर संभाग के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन की शुरुआत में नड्डा ने गलवां घाटी घटना का संदर्भ देते हुए कहा कि आज समय गमगीन है।
उन्होंने कहा कि वे अपनी ओर से और अपनी पार्टी की ओर से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनके परिवारों को भरोसा दिलाते हैं कि उनके सपूतों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। उन्होंने कहा, मैं उनके परिवारों को यह विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपकी यह शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि ईश्वर उन परिवारों को शक्ति दे क्योंकि वे सिर्फ उनके परिवार के सपूत नहीं थे वे देश के सपूत थे... सारा देश उनके साथ खड़ा है ये बात मैं कहना चाहता हूं। इस डिजिटल रैली का आयोजन केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला साल पूरा होने के उपलक्ष्य में किया गया।
नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार के एक साल के काम को पिछले कार्यकाल के काम से अलग करके नहीं देखा जा सकता। उन्होंने कहा मोदी सरकार ने, छह दशक का काम छह साल में पूरा कर दिखाया है। नड्डा ने अपने संबोधन में मोदी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों का जिक्र भी किया।
इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष पर कोरोना वायरस संक्रमण के संकट के दौर में भी राजनीति करने का आरोप लगाया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके नेता गलवां घाटी घटना को लेकर फौज का मनोबल गिराने वाले बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा यह 'विषय विहीन विपक्ष' है। रैली को नड्डा से पहले भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी संबोधित किया।