{"_id":"6b0a740800801b06330ca978","slug":"falling-gold-prices-create-buying-opportunities-experts-advise-on-investment-and-wedding-purchases-jaipur-news-c-1-1-noi1422-4978680-2026-11-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"राजस्थान: सोना अभी खरीदें या करें इंतजार? अगले डेढ़ महीने तक गिर सकते हैं भाव, जानें विशेषज्ञों की राय","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राजस्थान: सोना अभी खरीदें या करें इंतजार? अगले डेढ़ महीने तक गिर सकते हैं भाव, जानें विशेषज्ञों की राय
Sat, 28 Nov 2026 03:22 PM IST
जयपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: जयपुर ब्यूरो
Updated Sat, 28 Nov 2026 03:22 PM IST
सार
सोने की कीमतों में लगातार गिरावट से ग्राहकों और सर्राफा कारोबारियों को राहत मिली है। हालांकि, खरीदारों के सामने अब सवाल है कि मौजूदा भाव पर सोना खरीदें या कीमतें और कम होने का इंतजार करें। विशेषज्ञ नविंदर गोयल के अनुसार, अगले 15 दिन से लेकर डेढ़ महीने तक सोने की कीमतों में गिरावट का दबाव रह सकता है। वहीं, शादी के लिए खरीदारी करने वालों को बहुत लंबे समय तक इंतजार नहीं करने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन
सोने के भाव को लेकर एक्सपर्ट की राय
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
लंबे समय से सोने की ऊंची कीमतों के कारण खरीदारी टाल रहे लोगों के लिए अब राहत की खबर है। लगातार गिरते भाव ने बाजार में नई हलचल पैदा कर दी है। ग्राहक जहां कम कीमत पर सोना खरीदने का मौका तलाश रहे हैं, वहीं उनके मन में यह डर भी है कि आज खरीदारी करने के बाद भाव और नीचे न आ जाएं। इस असमंजस के बीच सर्राफा कारोबारियों और विशेषज्ञों ने बाजार की स्थिति, कीमतों के संभावित रुख और खरीदारी के सही समय को लेकर अपनी राय दी है।
विज्ञापन
गिरते भाव से ग्राहकों और व्यापारियों को मिल रहा मौका
सर्राफा ट्रेडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश मित्तल का कहना है कि सोने की कीमतों में गिरावट बाजार के लिए अवसर बनकर आई है। इससे ग्राहकों में खरीदारी की इच्छा बढ़ी है और व्यापारियों को भी कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि सोने की कीमतें लंबे समय तक काफी ऊंचे स्तर पर रहने के कारण ग्राहकों की खरीद क्षमता प्रभावित हुई थी। व्यापारी भी एक निश्चित रकम में पहले की तुलना में कम सोना खरीद पा रहे थे। अब कीमतों में कमी आने से उसी बजट में ज्यादा सोना खरीदा जा सकता है। इससे ग्राहकों को राहत मिलने के साथ सर्राफा बाजार में गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
विज्ञापन
महिलाएं खरीदना चाहती हैं सोना, लेकिन भाव को लेकर असमंजस
आम महिलाओं से बातचीत में भी सोने की कीमतों को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं। महिलाओं का कहना है कि वे सोना खरीदना चाहती हैं, लेकिन लंबे समय तक कीमतें इतनी अधिक रहीं कि खरीदारी करना मुश्किल हो गया था। अब भाव कम होने से उम्मीद जगी है।
हालांकि, उन्हें यह चिंता भी सता रही है कि अगर अभी सोना खरीद लिया और आने वाले दिनों में कीमतें और गिर गईं तो उन्हें नुकसान हो सकता है। महिलाएं जानना चाहती हैं कि सोने के भाव आगे किस दिशा में जा सकते हैं और क्या मौजूदा समय खरीदारी के लिए सही है।
अगले 15 दिन से डेढ़ महीने तक रह सकता है दबाव
सोने की कीमतों को लेकर विशेषज्ञ नविंदर गोयल का आकलन है कि फिलहाल बाजार में गिरावट का रुख दिखाई दे रहा है। उनके मुताबिक, अगले 15 दिन से लेकर एक से डेढ़ महीने तक कीमतों में उतार-चढ़ाव के साथ गिरावट का दबाव बना रह सकता है। हालांकि, सोने के भाव का सटीक अनुमान लगाना मुश्किल है।
उन्होंने इसके पीछे अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर होने वाली बैठक और बाजार की उम्मीदों को अहम वजह बताया। उनके अनुसार, ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना से सोने की कीमतों पर दबाव बन सकता है, जबकि दरों में कटौती होने पर सोने को समर्थन मिल सकता है। फेडरल रिजर्व के फैसले के बाद बाजार की दिशा कुछ हद तक स्पष्ट हो सकती है।
शादी के लिए सोना खरीदना है तो ज्यादा इंतजार न करें
नविंदर गोयल के अनुसार, जिन परिवारों में शादी या किसी दूसरे आयोजन के लिए सोना खरीदना जरूरी है, उन्हें केवल कीमतें और गिरने की उम्मीद में खरीदारी टालते नहीं रहना चाहिए। खरीदारी से पहले दो से चार ज्वेलर्स से सोने के भाव और मेकिंग चार्ज की जानकारी लेनी चाहिए। इसके बाद अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से फैसला करना बेहतर होगा। उनका कहना है कि अगले एक सप्ताह में खरीदारी का निर्णय लिया जा सकता है। इसकी वजह यह है कि आगे कीमतें किस दिशा में जाएंगी, इसका निश्चित अनुमान लगाना संभव नहीं है।
पांच-दस साल की जरूरत के लिए हर महीने खरीदें थोड़ा सोना
विशेषज्ञ का कहना है कि सोना और चांदी मुख्य रूप से लंबी अवधि के निवेश विकल्प हैं। जिन परिवारों को पांच या दस साल बाद बच्चों की शादी के लिए सोना जुटाना है, वे एक साथ बड़ी रकम लगाने के बजाय हर महीने अपनी क्षमता के अनुसार पांच या दस ग्राम सोना खरीद सकते हैं।
अलग-अलग समय पर खरीदारी करने से कीमतों का औसत निकालने में मदद मिल सकती है। इससे किसी एक दिन के भाव पर पूरी रकम लगाने का जोखिम कम होता है। उन्होंने यह भी सलाह दी कि अपनी पूरी बचत केवल सोने में नहीं लगानी चाहिए। निवेश को बॉन्ड, शेयर और दूसरे विकल्पों में भी बांटकर रखना चाहिए।
पुराने गहनों से नए आभूषण बनवाने का विकल्प
शादी के लिए नए गहने बनवाने की योजना बना रहे परिवारों को घर में रखे पुराने आभूषणों का भी मूल्यांकन कराना चाहिए। नविंदर गोयल के मुताबिक, कई घरों में पुराने डिजाइन के कंगन, सिक्के और ऐसे गहने रखे होते हैं, जिनका अब इस्तेमाल नहीं होता। इन्हें ज्वेलर के पास देकर नए डिजाइन के आभूषण बनवाए जा सकते हैं। इससे नया सोना खरीदने की जरूरत कम हो सकती है। हालांकि, पुराने गहने बदलवाते समय उनकी शुद्धता और वजन की जांच कराना जरूरी है। साथ ही, ज्वेलर से कटौती और नए आभूषणों पर लगने वाले मेकिंग चार्ज की पूरी जानकारी भी लेनी चाहिए।
जरूरत और बजट देखकर ही करें खरीदारी
कुल मिलाकर, सोने की कीमतों में गिरावट ने ग्राहकों और कारोबारियों दोनों के लिए नए अवसर पैदा किए हैं। व्यापारी इसे कारोबार बढ़ने की संभावना के रूप में देख रहे हैं, जबकि ग्राहक भाव में और कमी आने की उम्मीद में खरीदारी को लेकर असमंजस में हैं। विशेषज्ञों की राय है कि सोना खरीदने का फैसला जरूरत, बजट और निवेश की अवधि को ध्यान में रखकर करना चाहिए। केवल बाजार के अनुमान के आधार पर जल्दबाजी या अनिश्चित समय तक इंतजार करना उचित नहीं है।
