मोगा: सफाई करवाना कांग्रेस पार्षद को पड़ा भारी, नगर निगम में सफाई सेवकों ने की मारपीट
पंजाब के मोगा में नगर निगम के सफाई सेवक एक सप्ताह से हड़ताल पर हैं। कांग्रेस पार्षद ने अपने क्षेत्र की सफाई प्राइवेट मुलाजिमों से करवा दी। इसी बात से खफा सफाई सेवकों ने नगर निगम पहुंचे कांग्रेस पार्षद पर हमला कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मोगा नगर निगम के सफाई सेवकों की हड़ताल के दौरान शहर के एक कांग्रेस पार्षद को अपने इलाके की सफाई करवाना इस कदर महंगा पड़ जाएगा, उसने सोचा नहीं होगा। बुधवार को जैसे ही उक्त पार्षद अपने निजी काम से नगर निगम में पहुंचे तो वहां धरने पर बैठे सफाई सेवकों ने हमला कर दिया।
सफाई सेवकों द्वारा पार्षद के साथ मारपीट व गाली गलौज के लाइव वीडियो कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। जैसे-तैसे कर घायल अवस्था में सिविल अस्पताल पहुंचे कांग्रेस पार्षद ने जहां पुलिस को सूचित किया, वहीं हलका विधायक समेत देखते ही देखते सिविल अस्पताल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया।
सिविल अस्पताल में दाखिल वार्ड नंबर 22 से कांग्रेस पार्षद प्रवीण मक्कड़ ने बताया कि वह अपने एक दोस्त के साथ बुधवार को निजी काम से नगर निगम गए थे। वहां धरने पर बैठे सफाई सेवकों ने उन्हें घेर लिया और पहले वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने उनके साथ मारपीट शुरू की और फिर देखते ही देखते उन्हें जमीन पर पटक कर लात घूंसों से पीटा गया। इसी दौरान उनका पर्स जिसमें करीब 32 हजार रुपये, एक सोने की चेन और मोबाइल मौके पर ही गिर गया। उक्त पूरी घटना मौके पर मौजूद कुछ मीडिया कर्मियों ने अपने कैमरे में भी कैद कर ली।
घायल अवस्था में वह सिविल अस्पताल पहुंचे जहां पर उनके बयान दर्ज करने आई थाना सिटी पुलिस को उन्होंने मारपीट करने वाले निगम मुलाजिम सेवक राम फौजी, शामू और रवि समेत कुछ अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
नगर निगम के सफाई सेवक कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने की मांग को लेकर बीते करीब एक सप्ताह से हड़ताल पर चल रहे हैं। इस एक सप्ताह में शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए थे, जोकि दिन प्रतिदिन निगम प्रशासन व शहर के सभी पार्षदों के लिए चुनौती बनते जा रहे थे। इसी के चलते मंगलवार को शहर के मेन बाजार में दुकानदारों ने रास्ता बंद कर निगम व पार्षदों के खिलाफ रोष भी जाहिर किया था। इसके मद्देनजर मेयर नीतिका भल्ला और निगम कमिश्नर सुरिंदरपाल ने बाहर से प्राइवेट मुलाजिम व जेसीबी समेत ट्रालियां मंगवाईं और शहर से गंदगी के ढेर उठवाने का काम शुरू करवा दिया।
इसकी भनक जैसे ही सफाई सेवकों को लगी तो उन्होंने मौके पर मेन बाजार में पहुंचकर सफाई करने का विरोध किया और धरना लगा दिया। इस दौरान मौके पर पुलिस को बुलाया गया और पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सफाई सेवकों को मौके से खदेड़ने के लिए उन पर हलके बल का प्रयोग करते हुए कुछ सफाई सेवकों को हिरासत में ले लिया।
उक्त घटना मंगलवार देर शाम शहर के वार्ड नंबर 22 की है, जहां से प्रवीण मक्कड़ पार्षद हैं। सफाई सेवकों का आरोप है कि हलका विधायक डॉ हरजोत कमल के इशारे पर ही कई कांग्रेस पार्षद उनकी मांगों को कुचलते हुए उनके साथ जबरदस्ती कर रहे हैं और पुलिस ने भी इन्हीं राजनीतिक लोगों के कहने पर मंगलवार को उन पर लाठीचार्ज किया था।