पंजाब में धमाके की साजिश नाकाम: तरनतारन से मिला डेढ़ किलो आरडीएक्स, दो आरोपी भी गिरफ्तार
विस्फोटक के साथ पकड़े गए आरोपी बिंदु अजनाला के एक निजी अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट के पद पर कार्यरत है और जग्गा मजदूरी करता है। दोनों पैसे और ड्रग्स के लिए इस काम को अंजाम दे रहे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब पुलिस ने एक बार फिर बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने डेढ़ किलो आरडीएक्स व अन्य विस्फोटक सामग्री के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आईईडी को निष्क्रिय कर आरडीएक्स भेजने वाले की पहचान में जुट गई है।
एडीजीपी आंतरिक सुरक्षा आरएन ढोके ने बताया कि तरनतारन पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अमृतसर स्थित अजनाला के गांव गुज्जरपुरा निवासी बलजिंदर सिंह उर्फ बिंदू और गांव खानोवल निवासी जगतार सिंह उर्फ जग्गा विस्फोटक सामग्री लेकर नौशेरा पन्नुआं इलाके में घूम रहे हैं। तत्काल पुलिस टीम को अलर्ट किया गया और पड़ताल के दौरान दोनों को दबोच लिया गया। आरोपियों के पास से एक काले रंग का बाक्स मिला, जिसमें आईईडी टाइमर, डेटानेटेर, बैटरी और छर्रे बरामद हुए। इसमें करीब डेढ़ किलो आरडीएक्स था।
एसएसपी रंजीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी अजनाला के आवां वासाऊ निवासी जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन के कहने पर आईईडी लेकर आए थे। जोबनजीत शातिर किस्म का अपराधी है। कई अपराधों में लिप्त होने के कारण पुलिस ने उसे पीओ घोषित कर रखा है। पुलिस ने शस्त्र अधिनियम की धारा 25, विस्फोटक पदार्थ (संशोधन) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 120-बी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पैसे और ड्रग्स के लिए करते थे काम
विस्फोटक के साथ पकड़े गए आरोपी बिंदु अजनाला के एक निजी अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट के पद पर कार्यरत है और जग्गा मजदूरी करता है। दोनों पैसे और ड्रग्स के लिए इस काम को अंजाम दे रहे थे। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुट गई है कि दोनों आरोपी का पहला अपराध था या इससे पहले भी विस्फोटक को पहुंचाते रहे हैं।