Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Patiala News ›   collapse of steel bridge over Bhakra Main Line canal in Patiala questions raised regarding cause

दो ट्रकों का भार या पुल की कमजोरी?: पटियाला में स्टील पुल गिरने से रखरखाव पर उठे सवाल, जांच में होगा खुलासा

Sat, 21 Nov 2026 09:39 AM IST
Nivedita न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटियाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटियाला Published by: Nivedita Updated Sat, 21 Nov 2026 09:39 AM IST
सार

पटियाला में भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक धंस गया था। इस हादसे में एक ट्रक में आग लग गई थी। पुल साल 2016 में बनकर तैयार हुआ था। अब मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं। 

विज्ञापन
collapse of steel bridge over Bhakra Main Line canal in Patiala questions raised regarding cause
पटियाला में बंद किया गया पुल - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पटियाला में भाखड़ा मेन लाइन नहर पर दक्षिणी बाईपास स्थित स्टील पुल गिरने के बाद हादसे की वजह को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्या पुल पर एक साथ गुजर रहे रेत से लदे ट्रकों का वजन इसकी भार क्षमता से अधिक था, या लोहे के ढांचे में पहले से कमजोरी थी? क्या पुल के रखरखाव और समय-समय पर तकनीकी जांच में कोई कमी रही? 
विज्ञापन


फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे, लेकिन शुरुआती जानकारियां हादसे के पीछे भार और संरचनात्मक मजबूती दोनों पहलुओं की पड़ताल की ओर इशारा कर रही हैं।
विज्ञापन


करीब 60 मीटर लंबे स्टील ट्रस पुल पर हादसे के समय रेत से लदे दो ट्रक फंस गए थे। प्रारंभिक रिपोर्टों में आशंका जताई गई है कि अधिक भार और पुल पर एक साथ वाहनों की मौजूदगी से संरचना पर अत्यधिक दबाव पड़ा हो सकता है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रक निर्धारित वजन सीमा से अधिक भार लेकर चल रहे थे या पुल पहले से कमजोर था। 
विज्ञापन
विज्ञापन


स्टील पुलों में समय के साथ नमी, पानी और मौसम के प्रभाव से जंग लगने का खतरा रहता है। ऐसे में पुल के लोहे के हिस्सों, ट्रस, बोल्ट, जोड़, सपोर्ट और भार सहने वाले बिंदुओं की तकनीकी जांच महत्वपूर्ण होती है। पुल के ट्रस के बोल्ट गायब होने या चोरी होने की आशंका भी सामने आई है। यदि ऐसा पाया जाता है, तो इससे ढांचे की मजबूती प्रभावित हो सकती है। हालांकि, पुल में जंग या बोल्ट की कमी हादसे का कारण बनी, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मेंटेनेंस रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में 
पुल और सड़क के निर्माण तथा रखरखाव से जुड़ी जिम्मेदारियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सड़क का फोरलेनिंग कार्य पंजाब लोक निर्माण विभाग की निगरानी में हुआ था और बाद में सड़क का हिस्सा एनएचएआई को सौंपा गया। अब जांच में पुल की निर्माण गुणवत्ता, निरीक्षण रिपोर्ट, मरम्मत कार्य, भार क्षमता और रखरखाव से संबंधित रिकॉर्ड खंगाले जाएंगे। प्रशासन ने पुल से संबंधित रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि विशेषज्ञ जांच में उनका इस्तेमाल किया जा सके।


पहले भी पुल में कंपन होने की बात आई सामने 
स्थानीय लोगों के हवाले से दावा किया गया है कि पुल से गुजरते समय कंपन महसूस होता था और इस संबंध में अधिकारियों को सूचित भी किया गया था। यदि यह तथ्य जांच में सामने आता है, तो यह भी पता लगाया जाएगा कि ऐसी शिकायतों पर कोई निरीक्षण या मरम्मत की गई थी या नहीं। एनएचएआई ने पुल गिरने के कारणों की जांच के लिए विशेषज्ञ कमेटी गठित की है, जबकि जिला प्रशासन ने भी जांच के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि हादसा भारी वाहनों के दबाव, पुल के ढांचे में कमजोरी, रखरखाव की कमी या कई कारणों के संयुक्त प्रभाव से हुआ।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed