Mohali: जोगिंदर हत्याकांड में पारस के चौंकाने वाले खुलासे, मारना नहीं चाहता था मगर... सन्न कर देगी पूरी कहानी
पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि पारस ने जब जोगिंदर का शव टीडीआई सिटी के गंदे नाले में ठिकाने लगाया, उसके बाद वह दोबारा पीजी पहुंचा। वहां उसने कमरे की साफ-सफाई की और गद्दे पर खून लगा देखा। उसने गद्दे को उलटा करके बिछा दिया और उस पर चादर डाल दी।
विस्तार
मोहाली के गांव बलौंगी में साईं पीजी के कमरा नंबर-34 में दुकानदार जोगिंदर की चाकू से हत्या करने के आरोपी पारस ने रिमांड के दौरान चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी पारस ने पूछताछ में बताया कि वह जोगिंदर की हत्या नहीं करना चाहता था। जोगिंदर उसे बार-बार धमका रहा था कि वह उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत कर देगा। इस बात से तंग आकर उसने जोगिंदर पर चाकू से हमला किया।
हमले में पारस से जोगिंदर का एक कान कट गया। पारस डर गया कि अगर अब उसने जोगिंदर को छोड़ दिया तो वह उसे फंसा देगा। उसने उसका काम तमाम करने के लिए बाद तवे से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किया, जिससे सिर पर गहरी चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
आरोपी ने बताया कि इससे पहले भी जोगिंदर उसे कई बार धमका चुका था। उस दिन वह उसके कमरे में शाम 3:25 बजे दाखिल हुआ। इसके बाद करीब 12 मिनट में उसने पूरी वारदात को अंजाम दिया। वह जोगिंदर के शव को बोरी में डालकर उसके ही बाइक से टीडीआई सिटी के पास गया और शव को गंदे नाले में फेंक आया।
गद्दे पर खून देखा तो उलटा करके बिछाया
पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि पारस ने जब जोगिंदर का शव टीडीआई सिटी के गंदे नाले में ठिकाने लगाया, उसके बाद वह दोबारा पीजी पहुंचा। वहां उसने कमरे की साफ-सफाई की और गद्दे पर खून लगा देखा। उसने गद्दे को उलटा करके बिछा दिया और उस पर चादर डाल दी। इसके बाद वह जोगिंदर की बाइक से सीधा बद्दी पहुंचा। वहां उसने जोगिंदर का मोटरसाइकिल खड़ा किया और सीधा कसौल चला गया। पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी पारस पर सोलन में पहले भी दो एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।
राहगीर के फोन से गर्लफ्रेंड से किया संपर्क
पुलिस ने बताया कि पारस फोन का इस्तेमाल नहीं करता था। कत्ल के बाद वह बद्दी पहुंचा तो उसने किसी राहगीर के फोन से अपनी गर्लफ्रेंड से संपर्क किया और उससे भी झूठ बोला। पारस ने अपनी गर्लफ्रेंड को बताया कि वह सोलन में है। पारस का कसौल में रिश्तेदार है, वह बद्दी से उसी के पास जा रहा था। अपनी गर्लफ्रेंड से बात करने के बाद दूसरा फोन कसौल में अपने रिश्तेदार को किया। उसने अपने रिश्तेदार से केवल यह कहा कि वह थोड़ी देर में कसौल पहुंच रहा है। मोहाली पुलिस ट्रैक करके सोलन पहुंची और वहां पहुंचकर उन्हें पारस के कसौल में होने का इनपुट मिला। इसके बाद मोहाली पुलिस ने कसौल से पारस को गिरफ्तार कर लिया।
उधारी व इंडक्शन चूल्हा वापस न करने पर की हत्या
जोगिंदर की बलौंगी में फास्ट फूड की दुकान थी। उसके साथ ही साईं पीजी है, जहां पारस ने किराये पर कमरा लिया था। जोगिंदर की दुकान पर पारस का काफी आना-जाना था। वह उससे कई बार उधार खाना भी खा चुका था। उस पर जोगिंदर की कुछ उधारी थी। एक दिन पारस जोगिंदर से उसका इंडक्शन और चार्जर ले गया था लेकिन वह उसे वापस नहीं कर रहा था। जोगिंदर रोज उससे अपनी उधारी खत्म करने और सामान वापस देने को कहता था लेकिन पारस ऐसा नहीं कर रहा था। जब जोगिंदर उससे सामान लेने पीजी गया तो दोनों में झगड़ा हुआ और पारस ने उसकी हत्या कर दी।