लुधियाना में हादसा : बीमार सास को देखने जा रहे थे तीन दोस्त, तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया
- लुधियाना में एक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत
- जालंधर रोड लाडोवाल के पास शुक्रवार देर रात हुआ हादसा
- कार को धक्का लगा रहे दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में एक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। हादसा लुधियाना में जालंधर रोड लाडोवाल के पास शुक्रवार देर रात हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने तीन दोस्तों को कुचल दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
रास्ते से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर आलाधिकारी और थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतकों की पहचान संजीव, अरुण और कृष्णा के रूप में हुई है। तीनों दोस्त संजीव की बीमार सास का हाल जानने जालंधर जाने के लिए निकले थे लेकिन पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण गाड़ी बंद पड़ गई थी। कार को धक्का देते समय ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
थाना सलेम टाबरी के एसएचओ इंस्पेक्टर कृष्ण गोपाल ने बताया कि संजीव (30) नगर निगम में कांट्रेक्ट बेस पर काम करता है। अरुण और कृष्णा मजदूरी करते हैं। तीनों आसपास ही रहते हैं। संजीव के ससुराल वाले जालंधर में रहते हैं। देर रात संजीव की सास की तबीयत अचानक खराब हो गई। वह अपनी सास का हाल जानने जाना चाहता था। उसने अपनी कार निकाली और अपने पड़ोसी दोस्तों को साथ चलने के लिए तैयार कर लिया।
तीनों कार लेकर घर से जालंधर के लिए निकल पड़े। जब वह हार्डीस वर्ल्ड के पास पहुंचे तो उनकी कार का पेट्रोल खत्म हो गया। संजीव ड्राइविंग सीट पर बैठ गया और दोस्तों ने कार को धक्का मारना शुरू कर दिया। इस दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अरुण (24) और कृष्णा (24) को कुचल दिया। उसके बाद ट्रक कार को भी कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में तीनों बुरी तरह घायल हो गए और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
अरुण की पांच महीने पहले ही हुई थी शादी
मृतकों में शामिल अरुण की पांच महीने पहले ही शादी हुई थी। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में मातम फैल गया। लोगों का कहना था कि तीनों बेहद अच्छे दोस्त थे। अक्सर वह तीनों इकट्ठे ही घूमने जाते थे।
थाना सलेम टाबरी पुलिस ने बताया कि आरोपी ट्रक ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था। उसकी तलाश की जा रही है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक के नंबर से उसके मालिक का पता लगाया जाएगा। ड्राइवर कौन था, इसका पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।