पंजाब पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़: बनूड़ में पुलिस की फायरिंग में एक बदमाश घायल, विदेश से जुड़े हैं तार
पंजाब पुलिस ने एक एनकाउंटर में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक आरोपी पुलिस की फायरिंग में घायल भी हुआ है।
विस्तार
पुलिस ने गैंगस्टरों के पास से एक रिवॉल्वर और एक पिस्टल बरामद किया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपी शनिवार देर रात राजपुरा-पटियाला टोल प्लाजा और राजपुरा के एक शराब ठेके पर हुई फायरिंग मामलों में संलिप्त थे। बताया जा रहा है कि दोनों गैंगस्टर मोहाली की तरफ से आ रहे थे, जब पुलिस पार्टी ने गुप्त सूचना के आधार पर इन्हें बनूड़ के पास घेर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में बचाव में पुलिस पार्टी की ओर से की गई फायरिंग में एक गैंगस्टर घायल हो गया। दोनों आरोपियों का पुराना अपराधिक रिकार्ड है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में जांच की जा रही है।
पटियाला-राजपुरा रोड पर टोल प्लाजा पर शनिवार रात गोली चली। हालांकि गनीमत रही कि इस दौरान किसी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के मुताबिक टोल पर आगे खड़ी गाड़ियों की ओर से पर्ची कटवाने में कुछ समय लगने को लेकर दो नौजवानों के साथ टोल मुलाजिमों की बहस हो गई। बाद में बहस तूल पकड़ जाती है और इसी बीच गाड़ी सवार नौजवानों में से एक रिवाल्वर निकाल कर गोली चला देता है। यह वारदात रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इसकी सूचना टोल अधिकारियों की ओर से बाद में पुलिस को दी गई थी। पुलिस का कहना है कि शराब के ठेके और टोल कर्मी पर फायरिंग मामले में उक्त दोनों आरोपी शामिल हैं।