पंजाब : मोगा में खूनी भिड़ंत, दो अकाली समर्थकों की मौत, कांग्रेस उम्मीदवार के पति पर आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में निकाय चुनाव को लेकर माहौल गरमाने लगा है। मोगा के वार्ड नंबर नौ में मंगलवार रात कांग्रेसी और शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ताओं के बीच खूनी भिड़ंत हो गई। आरोप है कि कांग्रेसी उम्मीदवार के पति और बेटे ने अकाली समर्थकों पर गाड़ी चढ़ा दी। इससे घायल दो कार्यकर्ताओं की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अकाली दल के हलका अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह मखन बरार सिविल अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से दुख साझा किया।
कांग्रेसी नेता समेत 10 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
कच्चा दोसांझ में मंगलवार रात को हुई हिंसक झड़प के बाद अकाली कार्यकर्ताओं को गाड़ी के नीचे रौंदने के मामले में पुलिस ने आरोपी पूर्व कांग्रेस पार्षद समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है। मुख्य आरोपी पूर्व पार्षद समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।
बुधवार को सिविल अस्पताल में पूर्व मंत्री जत्थेदार तोता सिंह के बेटे बरजिंदर सिंह, मक्खन बराड़ और वार्ड नंबर-9 से अकाली प्रत्याशी कुलविंदर कौर के पति गुरतेज सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मंगलवार को चुनाव प्रचार के सिलसिले में कुछ अकाली कार्यकर्ता वार्ड नंबर-9 में प्रत्याशी कुलविंदर कौर के घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान पूर्व कांग्रेस पार्षद नरिंदरपाल सिंह सिद्धू अपने कुछ साथियों समेत वहां पर आए और वोटरों को शराब बांटने लगे।
जब अकाली कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया तो दोनों गुटों में झड़प हो गई। इसी दौरान पूर्व पार्षद नरिंदरपाल सिंह सिद्धू ने अकाली कार्यकर्ताओं पर अपनी गाड़ी चढ़ा दी। इसमें मोहल्ला निवासी दुकानदार हरविंदर सिंह बब्बू की मौके पर ही मौत हो गई। गांव तारेवाला के पूर्व अकाली सरपंच भोला सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मोगा के सिविल अस्पताल से भोला को लुधियाना रेफर कर दिया गया।
लुधियाना ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूर्व पार्षद नरिंदरपाल सिंह, पम्मा और लाली को काबू कर लिया। चश्मदीदों से जानकारी हासिल कर पुलिस ने गुरतेज सिंह के बयान पर आरोपी पूर्व कांग्रेसी पार्षद नरिंदरपाल सिंह सिद्धू, उसके बेटे जसलवप्रीत सिंह सिद्धू, पम्मा, लाली, टीटी शर्मा, हैप्पी और जसमेल सिंह समेत तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं के तहत केस दर्जकर लिया है।
पुलिस ने कब्जे में ली दो गाड़ियां
एसएसपी हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि मुख्य आरोपी पूर्व पार्षद नरिंदरपाल सिंह समेत पम्मा और लाली को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं पुलिस ने आरोपियों की दो गाड़ियां भी कब्जे में ली हैं।
हमले के समय नशे में धुत थे आरोपी : शिअद
वहीं दूसरी ओर बुधवार सुबह पूर्व मंत्री जत्थेदार तोता सिंह की अगुवाई में अकाली दल का एक वफद एसएसपी हरमनबीर सिंह गिल से मिला। जत्थेदार व अकालियों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी पूर्व पार्षद के बेटे जसलवप्रीत सिंह समेत बाकी के आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। वहीं अकाली कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वारदात को अंजाम देने के समय आरोपी कांग्रेसी शराब के नशे में धुत थे।