पंजाब: शराब से भरे ट्रक से टकराई कार, आम आदमी पार्टी के नेता समेत तीन की जान गई
आप नेता संदीप सिंगला की गाड़ी एक ट्रक से टकरा गई और हादसे में उनकी और उनके दोस्तों की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में कार और ट्रक की टक्कर में आम आदमी पार्टी के नेता समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा लुधियाना-चंडीगढ़ हाईवे पर खमाणो के गांव राणवां में सोमवार रात हुआ। मृतकों की पहचान आम आदमी पार्टी के नेता संदीप सिंगला (30) निवासी धूरी, मनदीप सिंह ढींढसा निवासी बिरड़वाल धूरी (26) और कांग्रेस नेता विजय अग्निहोत्री (45) निवासी धूरी के रूप में हुई है। थाना खमाणो पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना खमाणो के एसएचओ हरमिंदर सिंह ने बताया कि तीनों युवक टोयोटा कार में लुधियाना से चंडीगढ़ की तरफ जा रहे थे। लुधियाना-चंडीगढ़ रोड पर खमाणो के गांव राणवां के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में संदीप, मनदीप और विजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे का पता चलते ही पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची। उन्होंने कार सवार युवाओं को खमाणो के अस्पताल में भर्ती कराया जहां दो युवाओं को डॉक्टरों ने मृतक घोषित कर दिया। विजय अग्निहोत्री को गंभीर हालत में लुधियाना के फोर्टिस अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। एसएचओ ने बताया कि हादसा गलत साइड से आ रहे ट्रक के कारण हुआ था। हादसा इतना भयानक था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
एसएचओ हरविंदर सिंह और जांच अधिकारी राम सिंह ने बताया कि ट्रक के ड्राइवर की पहचान राकेश कुमार निवासी गांव मुबारकपुर डेराबस्सी के तौर पर हुई है। ट्रक में भरी शराब के बारे में उन्होंने बताया कि एक्साइज विभाग से इसकी जांच करवाई गई है। ट्रक में शराब के स्थानीय ठेकेदारों की लाइसेंसशुदा शराब भरी हुई थी। फिलहाल ट्रक का चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।
शोक में डूबा धूरी
वहीं धूरी से आम आदमी पार्टी ट्रेड विंग के उपाध्यक्ष संदीप सिंगला की हादसे में मौत की खबर से क्षेत्र शोक में डूब गया। उनका अंतिम संस्कार धूरी स्थित रामबाग में किया गया है। संदीप सिंगला हलका संगरूर से कांग्रेस के विधायक रहे अरविंद खन्ना के करीबियों में से एक थे। धूरी उपचुनाव के दौरान वह अरविंद खन्ना के काफी करीब थे और लंबे समय तक यूथ कांग्रेस के सीनियर वर्कर भी रहे थे।
उनकी मौत पर कैबिनेट मंत्री विजयइंदर सिंगला, सांसद भगवंत मान, विपक्ष के नेता हरपाल चीमा, विधायक दलवीर सिंह गोल्डी, विधायक अमन अरोड़ा, पूर्व विधायक धनवंत सिंह, अकाली नेता हरी सिंह, गगनजीत सिंह बरनाला, आप नेता एसएस चट्ठा, देव मान नाभा, दविंदर बदेशा, राजवंत घुल्ली, अमरदीप धांदरा और डॉ. अनवर भसौड़ ने शोक व्यक्त किया है।